जयारोग्य अस्पताल में कोल्ड ओपीडी शुरू

Aug 13 2020

ग्वालियर। जिले में लगातार बढ़ रहे कोरोना संक्रमण के मामलों को देखते हुए, कोरोना वायरस की रोकथाम के और सस्पेक्टेड मरीजों की समय पर जांच के लिए जयारोग्य अस्पताल में कोल्ड ओपीडी की शुरुआत की गई है। यहां सर्दी, खांसी, जुकाम और दूसरे सभी कोरोना के लक्षणों वाले संदिग्ध मरीजों की थर्मल स्क्रीनिंग और जांच की जाएगी।  इसके पहले कोरोना लक्षण वाले मरीज जयारोग्य समूह के सामान्य ओपीडी में चैकअप करा रहे थे, जिससे कहीं न कहीं आम मरीजों के बीच संक्रमण फैलने का खतरा बना हुआ था।
अस्पताल परिसर में ही कोविड-19 के लक्षणों वाले मरीजों के लिए कोल्ड ओपीडी बनाया गया है। इसके अलावा ग्वालियर में अब प्लाज्मा थेरेपी का काम भी शुरू हो गया है। शहर के ब्लड बैंक में अब प्लाज्मा इक_ा किया जाएगा और उसके बाद जरूरतमंद मरीजों को प्लाजमा थेरेपी दी जाएगी।  जिले में अब तक कोरोना संक्रमण के 2975 मामले सामने आ चुके हैं, जिनमें से फिलहाल 679 कोरोना संक्रमितों का इलाज जारी है। वहीं कोरोना को मात देकर अब तक 2279 लोग अपने घर वापस जा चुके हैं। जबकि 17 लोग कोरोना की चपेट में आने के कारण अपनी जान गंवा चुके हैं।