करोड़पति बनाने का झांसा देकर एक सैकड़ा को ठगा पुलिस ने आरोपी को लिया हिरासत में

Aug 13 2020

ग्वालियर। ढाई हजार रुपए लगाकर और पांच नए सदस्य बनाने पर करोड़पति बनाने का झांसा देकर एक ठग ने एक सैकड़ा से ज्यादा लोगों को ठग लिया। घटना महाराजपुरा थाना क्षेत्र के डीडी नगर की है। घटना का खुलासा उस समय हुआ जब निश्चित समय के बाद लोग अपना पैसा वापस लेने पहुंचे तो आरोपी ने चेक थमा दिया, जो कि बाउंस हो गया। मामले का पता चलते ही पीडि़त थाने पहुंचे और मामले की शिकायत की। पुलिस ने शिकायत पर आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। 
विजय विहार कॉलोनी मुरार निवासी विमला पत्नी रामसिंह तोमर गृहणी है और उनके पति प्रायवेट जॉब करते हैं। कुछ समय पूर्व उनकी मुलाकात राजेन्द्र प्रसाद वर्मा निवासी डीडी नगर से हुई। इसके बाद वह उनके घर भी आने जाने लगा और बताया कि वह रज्जो इंटरनेशनल  कंपनी में काम करता है। साथ ही बताया कि मात्र कुछ रुपए इनवेस्ट करने पर कंपनी लोगों को करोड़पति बना दे देती है। इसके लिए उसे कंपनी में मात्र 2550 रुपए का रजिस्ट्रेशन कराना होगा। उसकी बातों में आकर उसने रजिस्ट्रेशन करा लिया। 
रजिस्ट्रेशन होने के बाद राजेन्द्र प्रसाद ने बताया कि 2550 रुपए की एक आईडी के हिसाब से उसे पांच नए सदस्य जोडऩे होंगे, उसके बाद कंपनी एक आईडी पर दो माह में 2.35 लाख रुपए और एक साल बाद 1 करोड़ 31 लाख रुपए देगी, इसके बाद कंपनी 5 करोड़ रुपए एक आईडी पर देगी। इसके बाद विमला ने कई लोगों की आईडी खुलवाई। 
चेक दिया, बंद खाते का
नियत समय पर जब विमला व उसके साथी अपने पैसे वापस मांगने पहुंचे तो आरोपी ने उन्हें एक चेक 1 लाख 96 हजार रुपए का थमा दिया जो कि बैंक में लगाने पर बाउंस हो गया। इसका पता चलते ही उन्हेंं ठगी का पता चला और मामले की शिकायत पुलिस से की। जिस पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी को हिरासत में ले लिया है।