भक्तों ने फेसबुक से लाइव निहारी भगवान श्री राधा-कृष्ण की आलौकिक छवि

Aug 12 2020

ग्वालियर। फूलबाग स्थित गोपाल मंदिर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर भगवान श्री राधा-कृष्ण का श्रंगार ऐतिहासिक अमूल्य आभूषणों के साथ नगर निगम अधिकारियों द्वारा पूजा अर्चना कर किया गया। इस अवसर पर नगर निगम आयुक्त संदीप माकिन, अपर आयुक्त आरके श्रीवास्तव, राजेश श्रीवास्तव, अपर आयुक्त वित्त देवेन्द्र पालिया, पार्क अधीक्षक मुकेश बंसल, दीपक सोनी सहित पुलिस विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। 
गोपाल मंदिर में आज भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव के अवसर पर दोपहर श्री राधाकृष्ण के श्रंगार के लिए भारी पुलिस सुरक्षा के साथ सेन्ट्रल बैंक के लॉकरों से भगवान के गहने निगमायुक्त द्वारा गठित समिति की मौजूदगी में निकाले गए तथा मंदिर में गहनों के देखभाल के बाद गहनों से भगवान का श्रंृगार किया गया तथा श्रृंगार के उपरांत पूजा अर्चना के पश्चात कोविड 19 के संक्रमण की संभावना को देखते हुए फेसबुक से लाइव कर शहरवासियों को भगवान के मनोहारी स्वरुप के दर्शन कराए गए। 
भगवान श्री राधाकृष्ण के मनोहारी रूप के दर्शन के लिये फेसबुक से लाइव देर रात तक भक्तगणों को दर्शन कराए गए। इसके साथ ही मंदिर को अत्याधुनिक आकर्षक विद्युत साज सज्जा के साथ सजाया गया है।