हड़ताल को लेकर ट्रक ऑपरेटरों में नहीं बनी सहमति!

Aug 11 2020

ग्वालियर। प्रदेश व्यापी ट्रक ऑपरेटरों की हड़ताल अन्य जिलों में जारी है, लेकिन ग्वालियर अंचल में इसका कोई प्रभाव देखने को नहीं मिल रहा है। ट्रक हड़ताल को लेकर ट्रक ऑपरेटर के संगठन दो फाड़ हो गए हैं एक संगठन चाहता है कि हड़ताल पूरे देश में की जाए लेकिन अन्य संगठन इसके लिए तैयार नहीं हैं। स्थानीय ट्रक ऑपरेटर ऐसोसिएशन इस हड़ताल के खिलाफ है और उनपर प्रेशर है कि वे भी हड़ताल में शामिल हों। इसको लेकर ट्रक ऑपरेटर ऐसोसिएशन के पदाधिकारियों की बैठक हुई। जिसमें हड़ताल को लेकर कई मुद्दों पर चर्चा की गई। गौरतलब है कि डीजल के दाम कम करने, चेकपोस्ट में अवैध उगाही, कोविड बीमा करने की मांग को लेकर 10 से 13 अगस्त तक प्रस्तावित हड़ताल का मंगलवार को दूसरा दिन है। ग्वालियर अंचल को छोड़ दें तो अन्य जिलों में ट्रकों के चके थम गए हैं। बताया जाता है कि राष्ट्रीय संगठन और स्थानीय संगठनों में हड़ताल को लेकर एक राय नहीं बन पा रही है। 
स्थानीय संगठन के अध्यक्ष अशोक कंसाना ने कहा कि बैठक हुई है। हमने हड़ताल को लकर अपनी राय स्पष्ट की है।  ऑल इंडिया मोटर ट्रांसपोर्ट कांग्रेस के प्रदेश में हड़ताल आहूत की गई है। राष्ट्रीय पदाधिकारियों का कहना है कि संगठन के आह्वान पर की जा रही हड़ताल सर्वहितकारी है। डीजल के बढ़ रहे दाम से ट्रांसपोर्ट व्यवसाय चौपट हो रहा है। हड़ताल के अलावा अब दूसरा विकल्प नहीं है।