चार सूत्रीय मांग को लेकर ट्रांसपोर्टर हड़ताल पर, थमे ट्रकों के पहिए

Aug 10 2020

ग्वालियर। अपनी चार सूत्रीय मांगों को लेकर ट्रक ऑपरेटर और ट्रांसपोर्टर  सोमवार से तीन दिन की हड़ताल पर चले गए। ऑल इंडिया ट्रक ऑपरेटर्स एंड ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन आह्वान पर प्रदेशभर में ट्रकों की हड़ताल सोमवार से शुरू हो गई, जो तीन दिन तक रहेगी। 12 अगस्त के बाद ट्रकों में लोडिंग-अनलोडिंग शुरू हो जाएगी और ट्रक सड़कों पर दौड़ेंगे। ट्रक ऑपरेटरों का कहना है कि सरकार, प्रदेश में डीजल के रेट कम करे, भ्रष्टाचार के अड्डे बन गए आरटीओ के चेकपोस्ट बंद किए जाएं, कोरोना काल का टैक्स माफ करे और चालकों के लिए कोरोना बीमा योजना लागू की जाए।
एसोसिएशन के आह्वान पर प्रदेशभर में ट्रांसपोर्टरों और ट्रक ऑपरेटरों ने हड़ताल शुरू कर दी है जिसके चलते बाहर से आने वाले ट्रक ट्रांसपोर्ट नगर में नहीं आ रहे हैं। प्रदेशभर में भले ही ट्रांसपोर्टर व ट्रक ऑपरेटरों की हड़ताल शुरू हो गई हो लेकिन ग्वालियर में ट्रांसपोर्टर आपसी मतभेद के चलते हड़ताल से दूरी बनाए हुए हैं।  ट्रांसपोर्ट नगर में हड़ताल का आह्वान किया गया था लेकिन एक ट्रांसपोर्टर द्वारा इसका विरोध किया गया और कारोबार बंद करने से इनकार कर दिया, इसके बाद सभी ट्रांसपोर्टर भी दो फाड़ हो गए और प्रदेशभर में भले ही हड़ताल हो लेकिन ट्रांसपोर्ट नगर में माल की लोडिंग हो रही है। हड़ताल के चलते बाहर से आने वाले ट्रक माल लेकर नहीं आ रहे हैं जिससे एबी रोड पर सन्नाटा है और ट्रांसपोर्टर हड़ताल खत्म होने का इंतजार कर रहे हैं। ट्रांसपोर्टर अशोक कंषाना, वृंदा सिकरवार, सुनील माहेश्वरी का कहना है कि प्रदेशभर में भले ही हड़ताल हो लेकिन ट्रांसपोर्ट नगर में कारोबार जारी है।