कान्हा के लिए सजे बाजार ग्राहकों की लगी भीड़

Aug 10 2020

ग्वालियर। नंद के लाल भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव मंदिरों में 12 अगस्त को रात 12 बजे मनाया जाएगा, जिसकी तैयारियां मंदिरों में शुरू हो गई हैं, लेकिन कोरोना संक्रमण के चलते भक्तों का प्रवेश प्रतिबंध रहेगा। कान्हा के लिए बाजार भी सजकर तैयार हो गए हैं और कई तरह की पोशाकें, मोर पंख, बांसुरी बिक रही हैं लेकिन इन बाजारों से ग्राहक नदारद हैं, जिससे दुकानदारों में मायूसी छाई हुई है। जन्माष्टमी पर हर वर्ष पोशाकों की सबसे ज्यादा बिक्री होती है तो वहीं कान्हा के लिए पालना, बांसुरी, मुकुट की मांग रहती है और इसकेलिए व्यापारी पहले से ही खरीदारी कर दुकान सजाकर बैठ रहे हैं, लेकिन कोरोना के चलते शहरभर में होने वाले आयोजनों पर पाबंदी लगी हुई है और स्कूलों में ताले लटके हैं जिससे प्रतियोगिताएं आयोजित नहीं होंगी। संक्रमण के दौरान लॉकडाउन रहने के कारण भी शहरवासी आर्थिक तंगी से जूझ रहे हैं इसलिए कान्हा का जन्मदिन सादगीपूर्ण तरीके से मनाने की तैयारी कर रहे हैं।