चोर गिरोह पकड़ा, पांच लाख का माल बरामद

Aug 10 2020

ग्वालियर। लंबे समय से शहर में चोरी की वारदातों को अंजाम दे रहे चोर गिरोह के तीन सदस्यों को हजीरा व बहोड़ापुर थाना पुलिस ने सागरताल रोड से दबोचा है। पकड़े गए चोरों से आधा दर्जन से ज्यादा वारदातों का खुलासा हुआ है और पुलिस ने पूछताछ के बाद चोरों से चोरी की बाइक, अन्य सामान कीमती करीब पांच लाख का बरामद किया है। पुलिस अब पकड़े गए चोरों से पूछताछ कर शहर में हुई अन्य चोरी की वारदातों की पड़ताल कर रही है। 
एएसपी पंकज पाण्डे व सीएसपी रवि भदौरिया ने बताया कि  हजीरा थाना प्रभारी आलोक परिहार गश्त करते हुए थाने की तरफ आ रहे थे कि तभी पुलिस वाहन को देखकर एक बाइक पर सवार तीन युवक भागने लगे। शंका होने पर संदेही बाइक सवारों का पीछा किया तो बाइक सवारों ने अपनी बाइक सागरताल की तरफ मोड़ दी। जिस पर थाना प्रभारी बहोड़ापुर को भी घेराबंदी के निर्देश दिए और भाग रहे बाइक सवारों को सागरताल के पास दबोच लिया। पूछताछ में पकड़े गए आरोपियों ने अपने नाम मंजीत, रवि पटेल और चमुना उर्फ रोहित निवासी हजीरा बताया है। बाइक के दस्तावेज मांगे तो बाइक सवार ने घर पर दस्तावेज भूलना बताया। इस पर पुलिस ने घर से दस्तावेज मंगाने को कहा तो बाइक सवारों ने बताया कि बाइक चोरी की है। इसका पता चलते ही पुलिस ने आरोपियों से अपने स्तर पर पूछताछ की तो पता चला कि पकड़े गए युवक शातिर चोर हैं। इसके बाद पुलिस ने पूछताछ की तो आधा दर्जन से ज्यादा चोरी की वारदातों का खुलासा हुआ और चोरी गया माल भी बरामद हो गया। 
12 वर्षीय मासूम को धमका कर की थी चोरी
पुलिस पूछताछ में पता चला है कि पकड़े गए चोरों ने बताया कि  30 जुलाई को उन्होंने न्यू फोर्ट व्यू कॉलोनी निवासी यशवंत राजपूत के बारह वर्षीय बेटा देवेश को धमकाकर उनके घर से पचास हजार रुपए और दो तोला वजनी सोने के जेवर उड़ाए थे। जिस समय उन्होंने वारदात को अंजाम दिया था। यशवंत राजपूत अपनी मेडिकल शॉप पर था और उसकी पत्नी रेखा पास ही निर्माणधीन मकान का काम देखने गई थी। इसी तरह माधौगंज थाना क्षेत्र में रामकिशन कुशवाह के घर से बाइक व अन्य सामान चोरी हो गया। इसी के साथ माधौगंज में ही एकतापुरी में आरक्षक संतोष पाण्डे की बाइक चोरी, थाना थाटीपुर में बाइक चोरी, मुरार से बाइक चोरी, इंदरगंज में ए प्लीफायर तथा हजीरा थाना क्षेत्र से मोबाइल चोरी की वारदात का खुलासा किया है। 
इनकी रही सराहनीय भूमिका-आरोपियों को पकडऩे और माल बरामद करने में थाना प्रभारी हजीरा आलोक परिहार, थाना प्रभारी बहोड़ापुर, दिनेश सिंह, एसआई गौरव नगावत, प्रधान आरक्षक शैलेन्द्र सिंह चौहान, आरक्षक कमल वर्मा, आरक्षक जनक, लेखराज और लवकुश की सराहनीय भूमिका रही।