एक मास्क अनेक जिंदगी जन जागरूकता अभियान के तहत निगम ने 9 दिन में बांटे 22250 मास्क ग्वालियर। मध्य प्रदेश शासन के नगरीय विकास एवं आवास विभाग के निर्देशानुसार नगर निगम ग्वालियर द्वारा चलाए जा रहे एक मास्क अनेक जिंदगी जन जागरूकता अभियान के दौरान नगर निगम ग्वालियर द्वारा जन सहयोग से पिछले 9 दिनों में 22250 मास्क शहर के नागरिकों को निशुल्क वितरित किए गए हैं। अभियान के नोडल अधिकारी श्री केशव सिंह चौहान ने जानकारी देते हुए बताया कि नगरीय प्रशासन विभाग के निर्देशानुसार निगम द्वारा चलाए जा रहे 1 मास्क अनेक जिंदगी जन जागरूकता अभियान के तहत नगर निगम ग्वालियर द्वारा 1 अगस्त से शहर के विभिन्न स्थानों पर स्टाल लगाकर लोगों को मास्क की उपयोगिता के बारे में जागरूक किया जा रहा है तथा जरूरतमंद लोगों को निशुल्क मास्क का वितरण किया जा रहा है। इसी अभियान के तहत आज बुधवार को निगम द्वारा 2250 मास्क लोगों को वितरित किए गए तथा 1 अगस्त से अभी तक 22250 मास्क निगम नागरिकों को वितरित कर चुका है। श्री चौहान ने बताया कि आज नगर निगम को शहर के दानदाताओं की ओर से मास्क दान स्वरूप प्राप्त हो रहे हैं। इस प्रकार अभी तक इस अभियान के दौरान निगम को बड़ी संख्या में मास्क दान स्वरूप प्राप्त हो चुके हैं। शहर के अन्य समाजसेवियों वह दानदाताओं से अनुरोध है कि वह जरूरतमंदों को मास्क उपलब्ध कराने हेतु निगम द्वारा बनाए गए मास्क बैंक में मास्क दान कर सकते हैं।

Aug 09 2020