मासूम का अपहरण करने वाला पुलिस ने दबोचा

Aug 05 2020

ग्वालियर। घर के बाहर खेल रहे डेढ़ वर्षीय मासूम का पास ही रहने वाले शिक्षक ने अपने साथी के साथ अपहरण कर लिया। घटना थाटीपुर थाना क्षेत्र के मेला ग्राउण्ड के पास दुल्लपुर की है। घटना का पता उस समय चला जब बालक को गायब देखकर परिजनों ने उसकी तलाश की और पास ही लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले तो शिक्षक अपने साथी के साथ बालक को ले जाता दिखा। मामले का पता चलते ही पुलिस को सूचना दी और बालक की तलाश में लगे तभी पुलिस को बालक व आरोपी दिखे, जो पुलिस को देखते ही मासूम व बाइक को छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने आरोपियों की घेराबंदी की तो एक आरोपी हाथ लग गया है, जबकि दूसरे की तलाश में पुलिस घेराबंदी कर रही है।
थाटीपुर थाना प्रभारी शैलेन्द्र भार्गव ने बताया कि थाना क्षेत्र के दुल्लपुर निवासी संतोष पुत्र मानसिंह ठेकेदार है और सरकारी ठेके लेता है। उनके साथ ही उनके भाई हरवंश भी रहते हैं। हरवंश इंजीनियर है।  संतोष का डेढ़ वर्षीय भतीजा अभिमन्यु घर के बाहर खेल रहा था, कुछ देर बाद देखा तो अभिमन्यु गायब था। बच्चे को गायब देखकर उसकी तलाश की और पास ही लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले तो पता चला कि अभिमन्यु को पास ही रहने वाला राधा किशन जाटव ले जाते सीसीटीवी कैमरों में दिखे। राधा किशन शिक्षक है और भिण्ड में पदस्थ है।               
ढाई घंटे बाद मिला मासूम
अभिमन्यु के गायब होने और उसे ले जाने वालों की सूचना पीडि़त परिवार ने पुलिस को दी और अपने स्तर पर भी तलाश की। करीब ढाई घंटे बाद पुलिस और परिजन जब मासूम को तलाशते हुए पीएनटी चौराहे पर पहुंचे तो आरोपी राधा किशन व उसका साथी उन्हें देखते ही बाइक व मासूम को छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने बाइक जब्त कर आरोपियों की तलाश की और आरोपी राधा किशन को पकड़ लिया। वहीं उसने फरार साथी का नाम लाला उर्फ धर्मवीर जाटव बताया और वह उसका साला है।
पुलिस पूछताछ में आरोपी का कहना था कि वह अभिमन्यु को खिलाने के लिए ले गया था। दुल्लपुर से लाने के बाद वह उसे ससुराल ले गया था। वहीं पुलिस पड़ताल में पता चला है कि राधा किशन के खिलाफ कोई मामला किसी भी थाने में नहीं है। जबकि उसके साले लाला पर कई मामले दर्ज हैं। अब पुलिस पूछताछ कर पता लगा रही है कि किस उद्देश्य से उसने मासूम का अपहरण किया था।