सावन का आखिरी सोमवार व रक्षाबंधन पर्व आज बहनें बांधेंगी राखी

Aug 02 2020

ग्वालियर। कोरोना संक्रमण के चलते बाजारों में कपड़ों की दुकानों से लेकर जूते, चप्पल की दुकानों के शटर गिरे हुए हैं, लेकिन राखी और मिठाई की दुकानें खुली हैं तो शृंगार का सामान व चूडिय़ां खरीदने के लिए भी बहनें दुकानों पर इंतजार कर रही हैं। बहनें भाई की कलाई पर राखी बांधने के लिए मनपसंद राखियां पसंद कर रही हैं तो कई बहनें सोने और चांदी की राखियां पहले से ही खरीद चुकी हैं।
रक्षाबंधन के त्योहार के चलते बाजारों में भाई की कलाई सुंदर दिखे इसके लिए घंटों दुकानों पर खड़े होकर राखी पसंद कर रही हैं। बाजार में सुबह से खरीदारों की भीड़ लगना शुरु हो गई। बहनें अपने भाई की कलाई पर राखी बांधने के लिए मोतियों व ब्रासलेट को ज्यादा पसंद कर रही हैं तो बच्चों के लिए टेडीवियर की राखी खरीद रही हैं। आज सावन का आखिरी सोमवार बन रहा है ।
अद्भुत योग, 558 वर्ष बाद ऐसा योग बना है रक्षाबंधन पर शनि एवं गुरु स्वयं की राशि मकर एवं धनु में वक्री हो रहे हैं यह देश के लिए बहुत अच्छा रहेगा बीमारी की रोकथाम के साथ देश का मान बढ़ेगा। आज 3 अगस्त को सवार्थ सिद्धि व आनंद योग श्रवण नक्षत्र का शुभ संयोग बन रहा है। आज 3 अगस्त राखी का पावन पर्व है। यह त्योहार भाई-बहन के प्रेम का प्रतीक माना जाता है। इसके अलावा आज सावन का आखिरी सोमवार और श्रावण पूर्णिमा है। जिसके कारण राखी का महत्व बढज़ाता है। इस साल रक्षा बंधन के मौके पर ग्रह-नक्षत्रों का अद्भुत संयोग भी बन रहा है। 
मान्यता है कि सावन का महीना महादेव को प्रिय है। ऐसे में सावन में भोलेनाथ की पूजा और उपासना का विशेष महत्व होता है। यूं तो सावन महीने का ही खास महत्व होता है, लेकिन इस बार सवान का आखिरी सोमवार कई मायनों में खास है। इस दिन भगवान शिव की पूजा करने से भक्तों की मनोकामना पूरी होती है। सावन के आखिरी सोमवार को पूर्णिमा तिथि है। इस दिन चंद्रमा के मकर राशि में होने से प्रीति योग बन रहा है।  
ब्यूटी पार्लरों पर वेटिंग
लॉकडाउन के चलते ब्यूटी पार्लर और सैलून बंद रखने के आदेश दिए गए थे लेकिन त्योहार के चलते अब यह खुल गए हैं। रक्षाबंधन का त्योहार  पर ब्यूटी पार्लरों पर पहुंचकर मेहंदी लगा रही हैं। युवतियों भी हाथों में मेहंदी कढ़वा रही हैं। ब्यूटी पार्लरों पहुंचकर मेहंदी से हाथ सजवा रही हैं तो वहीं कई बहनें फेशियल और आइब्रो बनवा रही हैं। 
खूब बिक रहा शृंगार का सामान
रक्षाबंधन के त्योहार पर बहनें अपने भाई की कलाई पर राखी बांधेंगी तो वहीं सोलह शाृंगार करने के लिए बाजारों में खरीदारी कर रही हैं। सुबह से ही चूडिय़ों की दुकानों पर पहुंचकर कड़े, आर्टिफिशियल चूडिय़ां, कंगन की खरीदारी कर रही हैं। बिंदी, नेल पॉलिश सहित सभी शाृंगार के सामान की खरीदारी बहनें कर रही हैं।
घेवर की सबसे ज्यादा मांग 
सावन के महीने में रक्षाबंधन पर घेवर की सबसे ज्यादा मांग होती है। बाजार में इन दिनों अगर मिठाई में सबसे ज्यादा मांग हो रही है तो वह घेवर। दुकानदार घेवर के कई प्रकार की वैरायटी तैयार कर रहे हैं। मलाई वाला, दूध वाला घेवर सबसे ज्यादा पसंद किया जा रहा है तो फीके घेवर की मांग हो रही है लेकिन मीठे घेवर को कम पसंद ग्राहक कर रहे हैं। बहनें अपने ससुराल से पीहर आती है तो घेवर लेकर जरूर आती हैं। वैश्य समाज में घेवर का प्रचलन ज्यादा है। दानाओली, नई सड़क, हनुमान चौराहा सहित हलवाई की दुकानों पर इन दिनों घेवर खरीदने वालों की भीड़ लगी हुई है।