रक्षा बंधन और ईद के चलते बाजारों में उमड़ी भीड़, सोशल डिस्टेंस भूले

Jul 30 2020

ग्वालियर। एक से तीन अगस्त तक ग्वालियर जिले में लॉकडाउन रहेगा। इससे शहर के व्यवसायिक संगठन और दुकानदार खुश नहीं है। त्योहार पर कोरोना संक्रमण की मार पड़ी है। जिला प्रशासन ने आज तीन दिन तक सभी बाजार और मॉल-दुकानें बंद करने के आदेश जारी कर दिए हैं।
आदेश में स्पष्ट किया गया है कि सिर्फ रक्षाबंधन सहित अन्य त्योहारों से संबंधित दुकानें ही खुलेंगी वहीं जरूरी सेवाओं को भी इन तीन दिनों के लिए राहत दी गई है। एक अगस्त से तीन तक लॉकडाउन की सूचना मिलने पर सुबह से लोगों की भीड़ शहर के प्रमुख बाजारों में दिखाई दे रही है। सबसे ज्यादा लोग महाराज बाड़ा और इससे लगे बाजार में रक्षा बंधन और ईद की खरीदारी करते दिखाई दिए।
क्राइसिस मैनेजमेंट समिति की बैठक में रविवार लॉकडाउन पर सहमति के साथ साथ एक व दो अगस्त को त्योहार पर बाजारों में भीड रोकने के लिए निर्णय लिया गया था इसमें तीन अगस्त को लेकर भी सहमति बना ली गई थी। इस आदेश के तहत शॉपिंग कॉप्लेस, शॉपिंग मॉल, रेस्टोरेंट सहित सभी बाजार, मिठाई की दुकान संचालक को दुकान की हद से बाजार मिठाई सजाना प्रतिबंध रहेगा। वहीं मिठाई,नमकीन, किराना व जनरल स्टोर, राखी विक्रय के प्रशासन द्वारा निर्धारित केंद्र, सभी पेट्रोल पंप, सभी थोक व फुटकर मेडिकल स्टोर, गैस एजेंसियों का घरेलू गैस वितरण कार्य, पीडीएस की दुकानें, होटल एवं गेस्ट हाउस गतिविधियां, यात्री परिवहन, होम डिलेवरी होगी पर संस्थान नहीं खुलेंगे।
 नहीं दिखा सोशल डिस्टेंस
गुरुवार को महाराज बाड़ा पर लोगों ने लॉकडाउन के नियमों की अनदेखी की। सुभाष मार्केट में लोगों ने सोशल डिस्टेंट की धज्जियां उड़ाई। यहां लोग रक्षा-बंधन की खरीदारी के दौरान एक-दूसरे से नजदीकी बनाए दुकानों पर खड़े दिखाई दिए। हैरत की बात तो यह रही कि टोपी बाजार, रस्सी बाजार और नजरबाग मार्केट में लोग झुंड बनाकर खड़े दिखाई दिए, लेकिन पुलिस के जवान चौकी में आराम फरमाते रहे। दोपहर एक बजे तक बाड़ा पर भीड़ बढ़ती रही और लोग नियमों को ताक पर रखते रहे।