खरीदारों की भीड़ से शहर जाम

Jul 29 2020

ग्वालियर। भाई-बहन का पवित्र त्योहार रक्षाबंधन के लिए बाजारों में खरीदारों की धूम मची है तो वहीं 1 अगस्त को ईदुल जुहा का पर्व मनेगा, जिसके चलते दुकानदारों को बात करने तक की फुर्सत नहीं मिल रही है। परिधानों से लेकर राखी की दुकानों पर खरीदारों की भीड़ लगी है, जिसके चलते जाम की स्थिति निर्मित हो रही है। शहर में लगने वाले जाम से निजात दिलाने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस ने पहल कर रहा है।
आलम यह है कि पाटनकर चौराहे से बाड़े तक पहुंचने के लिए आधे घंटे से ज्यादा का समय लग रहा है तो बाड़े पर हालात बद से बदतर हैं। खरीदारी करने के लिए आने वाले लोग अपने वाहनों को पार्किंग में जगह नहीं मिलने के कारण सड़क पर ही पार्क कर रहे हैं या फिर पार्किंग दूरी पर होने केकारण वाहनों को खड़ा करने के लिए नहीं जा रहे हैं। दौलतगंज में सूर्यनारायण मंदिर से लेकर शासकीय प्रेस तक जाम की स्थिति बन रही है तो वहीं बालाबाई का बाजार और माधौगंज चौराहे तक जाम लग रहा है। इसी तरह सराफा बाजार, मोर बाजार में जाम से लोगों को जूझना पड़ रहा है। मुरार के सदर बाजार में खरीदारों की भारी भीड़ होने के कारण जाम से राहत नहीं मिल पा रही है। यही हाल हजीरा पर भी है।
बाजारों में जाम लगने के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है तो वहीं गलियों में वाहनों की आवाजाही बढऩे से जाम की स्थिति बनने लगी है। जाम न लगे इसके लिए ट्रैफिक पुलिस व मदाखलत द्वारा कार्रवाई तो की जा रही है, लेकिन राहत नहीं मिल रही है। दौलतगंज में जाम लगा होने के कारण वाहन चालक बालाबाई का बाजार और चिटनिस की गोठ से निकल रहे हैं तो मोर बाजार, सराफा बाजार में जाम होने से दानाओली से वाहन निकाल रहे हैं। बाड़े पर जाम होने के कारण दर्जीओली से वाहनों को निकाला जा रहा है। सदर बाजार में जाम लगा होने से वाहन चालक चिकसंतर, खुला संतर से वाहन निकाल रहे हैं जिससे यहां भी जाम की स्थिति बन रही है।
खरीदारों की भीड़ से लग रहा जाम पार्किंग में जगह नहीं 
महाराज बाड़े के आसपास पार्किंग को लेकर विवाद पहले से ही चला आ रहा है। नजरबाग मार्केट के बाहर दुपहिया वाहन पार्किंग बनी है, जिसमें हालत यह है कि सुबह से ही वाहनों के खड़ा होने के कारण पार्किंग फुल हो जाती है और ठेकेदार वाहन खड़ा करने से ही इनकार कर देता है जिससे लोगों को सड़क पर ही वाहन खड़े करने पड़ रहे हैं तो वहींगोरखी में चारपहिया वाहन पार्किंग बनी है, यहां भी जगह नहीं मिल रही है।