अंचल से परिचित हूं, कोरोना-चुनाव रहेगी प्राथमिकता- अमित सांघी

Jul 27 2020

ग्वालियर। जिले में पदस्थ किये गए पुलिस अधीक्षक अमित सांघी ने सोमवार को एसपी ऑफिस पहुंचकर चार्ज ले लिया। मीडिया से बात करते हुए नवागत एसपी ने कहा कि मेरे लिए कोरोना और उपचुनाव प्राथमिकता हैं। साथ ही उन्होंने कहा कि मैं अंचल में होने वाले अपराधी की प्रकृति से परिचित हूं। इसलिए बदमाशों पर नकेल पर विशेष ध्यान रहेगा।
जिले के नवागत पुलिस अधीक्षक अमित सांघी ने एसपी ऑफिस पहुंचकर एएसपी रायसिंह नरवरिया से चार्ज लेकर पदभार ग्रहण किया। पदभार ग्रहण करने के पश्चात उन्होंने पुलिस अधिकारियों से मुलाकात की उसके बाद स्टाफ से परिचय प्राप्त किया। पदभार ग्रहण करने के बाद एसपी अमित सांघी ने कहा कि ये समय वैश्विक महामारी कोरोना का है और ये हमारे लिए भी चुनौती है। हालांकि ये एक जॉइंट लड़ाई है जिसमें नगर निगम, स्वास्थ्य विभाग, प्रशासन और पुलिस मिलकर काम कर रहे हैं। मुझे पुलिस का पार्ट देखना है कि सही काम हो रहा है कि नहीं। उन्होंने कहा कि आने वाले उप चुनाव भी एक चुनौती है, हमें उसकी भी तैयारी रखनी है। फ्री और फेयर चुनाव हों ये कोशिश रहेगी।