जहरीली शराब सहित एक दबोचा

Jul 22 2020

ग्वालियर। भिण्ड से अवैध ओपी लेकर आ रहे एक तस्कर को महाराजपुरा थाना पुलिस ने चेकिंग में हाइवे स्थित गुठीना गांव के पास पकड़ा है। जबकि तस्कर के दो साथी पुलिस घेराबंदी देखकर फरार हो गए। पकड़े गए तस्कर से 12 सौ लीटर ओपी व लोडिंग जब्त कर ली है। पकड़ी गई ओपी की कीमत करीब तीन लाख रुपए है।
महाराजपुरा थाना प्रभारी मिर्जा आसिफ बेग ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि भिण्ड की तरफ से अवैध शराब की खेप आने वाली है। सूचना मिलते ही एएसआई रामकुमार कटारे, प्रधान आरक्षक रमेश सिंह, आरक्षक संजय सिंह गुर्जर, गोविन्द राजावत को हाइवे पर चेकिंग लगाने व अवैध शराब पकडऩे के लिए भेजा। चेकिंग स्टॉफ ने ग्राम गुठीना के पास हाइवे पर चेकिंग लगाई, तभी एक लोडिंग एमपी 07 एल 0853 भिण्ड की तरफ से आती दिखी। उसे रोकने का इशारा किया तो लोडिंग में सवार दो युवक उतर कर भागे। युवकों को भागते देखकर पुलिस स्टॉफ ने लोडिंग चालक को पकड़ा और लोडिंग की तलाशी ली तो उसमें चार ड्रम तथा 11 कैनों में करीब 1200 लीटर ओपी बरामद की। ओपी बरामद होते ही चालक व बरामद शराब को जब्त कर थाने पहुंचाया। जहां पर पकड़े गए आरोपी ने अपना नाम लक्ष्मण चौरसिया पुत्र गोपाल चौरसिया निवासी गुढ़ा-गुढ़ी का नाका बताया।
पकड़े गए आरोपी ने बताया कि वह भागने वाले युवकों को नहीं जानता है, उसने तो भाड़े पर बुकिंग की थी और उसे भरे हुए ड्रम बड़ागांव तक पहुंचाने थे। उसके मालिक का मैसेज उसे मिला था और वह भाड़ा लेने चला गया था। अब पुलिस मालिक से तस्करों की जानकारी जुटाने के लिए पुलिस टीम को रवाना कर दिया है।