पुलिस को देख बाइक छोड़ भागे चोर

Jul 22 2020

ग्वालियर। बाइक चोरी कर ला रहे दो चोरों का गश्त पर निकली एफआरवी से आमना-सामना हो गया। घटना पुरानी छावनी थाना क्षेत्र के दिलावर के पुरा के पास की है। पुलिस को सामने देखते ही चोरों ने बाइक वापस मोड़कर भागना शुरू कर दिया। शंका होने पर पुलिस भी चोरों के पीछे लग गई और चोरों को दबोच लिया, लेकिन मौका पाकर चोर बाइक छोड़कर भाग निकले। पुलिस ने बाइक जब्त कर चोरों की तलाश में रात भर घेराबंदी कराई, लेकिन वे हाथ नहीं आए। पुरानी छावनी थाना प्रभारी राजीव गुप्ता ने बताया कि सीएसपी मुरार रामनरेश पचौरी के निर्देश पर चेकिंग लगाई गई थी और इसी बीच पता चला कि दो संदिग्ध बाइक सवार शनीचरा की तरफ भाग निकले हैं। इसका पता चलते ही एफआरवी एक को बाइक सवारों की तलाश में पहुंचाया।
 पुलिस ने बाइक नंबर के आधार पर पड़ताल की तो पता चला कि बाइक चोरी की है और दिलावर निवासी सफीक खान की रात में चोरी हुई है। वहीं पुलिस को मौके पर एक मोबाइल भी मिला है। जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया है।
इनकी रही सराहनीय भूमिका : चोरों से बाइक बरामद करने में एफआरवी पर तैनात आरक्षक रवि कुशवाह, नितेश पाल, धर्मसिंह व चालक दीपक परिहार के साथ ही कंट्रोलरूम में पदस्थ एएसआई आरके मिश्रा, मानपाल सिंह और प्रधान आरक्षक भागीरथ प्रसाद की सराहनीय भूमिका रही।