नाली में पानी छोडऩे को लेकर उपजे विवाद पर किशोरी की गोली मारकर हत्या

Jul 22 2020

ग्वालियर। पुरानी छावनी क्षेत्र के सिगोरा गांव में एक किशोरी की गोली मारकर हत्या कर कर दी। वारदात नाली में पानी छोडऩे को लेकर उपजे विवाद पर हुई। पुलिस ने आरोपी को गिर तार कर लिया है और मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। हत्या के बाद से उक्त क्षेत्र में तनाव का माहौल है।
घटना स्थल पर सीएसपी रवि भदौरिया और अन्य पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस के अनुसार बुधवार सुबह के समय सिगोरा गांव में मेहमूद खान की 16 साल की लड़की अर्शी खान की मां का विवाद पड़ौसी अरशद खान पुत्र मोटूमल से हुआ। आरोपी ने घर के सामने नाली में पानी छोड़ दिया।
इस विवाद के बाद सुबह लगभग 10:50 बजे मामला गाली-गलौज तक पहुंचा तो आरोपी ने अपने पिता की लायसेंसी रायफल से बीच में बोल रही अर्शी को गोली मार दी। जैसे ही गोली अर्शी के शरीर को चीरकर घुसी तो वह जमीन पर गिर पड़ी। इसके बाद आरोपी रायफल लेकर भाग गया। हत्या की सूचना गांव में आग की तरह फैली। आसपास के लोग जमा होना शुरू हो गए। पुलिस की टीम भी वहां पहुंची। किशोरी के शव के पास परिजनों ने रोना शुरू कर दिया। थोड़ी ही देर में आरोपी को मय हथियार के साथ पकड़ लिया गया।
आरोपी ने कहा कि उसे गुस्सा आ गया था। सिगोरा गांव में तनाव का माहौल है। पुलिस की एक टीम क्षेत्र तैनात कर दी गई है। थाना प्रभारी राजीव कुमार गुप्ता ने बताया कि आरोपी को उसके पिता के साथ पकड़ लिया है उससे पूछताछ कर रहे हैं।