बस चालक ने फांसी लगाई

Jul 21 2020

ग्वालियर। लॉकडाउन के कारण बस चलना बंद हुआ और आर्थिक स्थिति खराब हुई तो बस चालक ने फांसी लगाकर जान दे दी। घटना झांसी रोड थाना क्षेत्र स्थित बस स्टैण्ड की है। घटना का पता सुबह चला जब सफाईकर्मी सफाई करने पहुंचे तो टीनशेड में फांसी पर युवक की लाश लटकी देखकर उसने शोर मचाया। घटना का पता चलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
भूरा खान (55) पुत्र मुन्ना खान पेशे से बस ड्राइवर है और निजी बस चलाता है। मार्च माह से लॉकडाउन लगा होने के कारण बसें बंद हंै और वह खाली बैठा हुआ था, जिसके कारण उसकी आर्थिक स्थिति खराब हो गई थी। इसके चलते उसने फांसी का फंदा बनाया और बस स्टैण्ड के टीनशेड में लटक गया। घटना का पता सुबह साढ़े सात बजे चला जब सफाई कर्मचारी सफाई करने पहुंचे तो वह फंदे पर झूलता दिखाई दिया। फंदे पर लाश देखते ही सफाई कर्मचारी की चीख निकल गई। उसकी चीख सुनकर लोगों की भीड़ लग गई और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच के बाद मर्ग कायम कर शव को पीएम हाउस भेज दिया। बताया गया है कि सोमवार को भूरा खान की सास का देहांत हो गया था, जिसके चलते पत्नी अपने मायके मोठ जिला झांसी फेरा करने गई थी।