बारिश से मकान गिरा, गंभीर हादसा टला

Jul 20 2020

ग्वालियर। सोमवार को हुई बरसात से जहां एक ओर लोगों ने राहत महसूस की है, वहीं इससे आफत भी बढऩा शुरु हो गई है। सुबह साढ़े आठ बजे के लगभग माधवगंज के कमाठीपुरा, शीतला माता मंदिर की गली में एक दो मंजिला मकान धराशायी हो गया। इसमें गृहस्थी का काफी सामान दबकर चकनाचूर हो गया। गनीमत यह रही कि किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई और इसमें रहने वाले सुकशल बाहर निकल आए।
मिली जानकारी के अनुसार कमाठीपुरा में जानकी बाई गोले का मकान है। इनके पति की मृत्यु हो चुकी है।  सुबह जब परिवार के लोग अन्य कामों में व्यस्त थे और अधिकांश लोग घर के बाहर बैठे थे, तभी अचानक इनका मकान भरभराकर गिर पड़ा। मकान के गिरते ही यहां चीख पुकार मच गई और पड़ोसी भी मौके पर पहुंच गए, सभी को चिंता इस बात की थी कि कोई घर के भीतर मलबे में तो नहीं दब गया, लेकिन राहत की बात यह रही कि सभी घर से बाहर निकल आए थे, लेकिन गृहस्थी का काफी सामान और इलेक्ट्रोनिक आयटम मलबे में दब गए। गनीमत यह रही कि लगभग दो घंटे पहले ही घर के लोग सोकर जागे थे, यदि मकान कुछ समय पहले गिरता तो फिर हादसा बेहद गंभीर हो सकता था।