शहर का मौसम हुआ मस्त, जमकर बरसे बदरा

Jul 20 2020

ग्वालियर। अलसुबह से हुई झमाझम बरसात और फिर रुक-रुक का जारी फुहार ने जहां लोगों की टूटती आस को संबल बंधाते हुए तरबतर कर दिया, वहीं आसमान पर छाए घने बादल और शीतल बयार से फिलहाल तो शहर का मौसम मस्त हो गया है, जिसे देखने और अहसास करने के लिए लोग तरस गए थे। मौसम विभाग का कहना है कि यह दिल्ली की ओर से आ रहीं पश्चिमी हवा का असर है, जो दो दिन जारी रहेगा। अब अच्छी बरसात के संकेत हैं। यानी सूरज की तपन और झुलसन से टोटल राहत रहेगी, इस बीच एक सिस्टम और बंगाल की खाड़ी में तैयार हो रहा है, यदि सब कुछ ठीक रहता है और हवाओं ने इसे उत्तर की ओर नहीं धकेला तो फिर पूरे सप्ताह लगातार शहर तरबतर हो सकता है।
जब लोग सुबह जागे तो धूप की जगह उनका स्वागत मस्त बरसात और शीतल हवा ने किया, घर के भीतर तक मौसम बदलाव की शीतलता प्रदान कर रहा था । कई दिन के इंतजार के बाद जब मौसम ने करवट बदली तो फिर लोग भी कहां मानने वाले थे वह भी मस्ती के मूड में आ गए और भीगने की परवाह किए बगैर घरों से बाहर आकर रिमझिम का जमकर लुत्फ लेते रहे। युवा तो दो पहिया वाहनों पर बैठकर बरसात में जमकर फर्राटे भरकर गर्मी को मुंह चिढ़ाने का प्रयास करते दिखे। लोगों ने सावन की इस बरसात का जमकर स्वागत किया। अमूमन होता यह है कि लोग पानी से बचते हैं, लेकिन गर्मी से उकताए लोगों को जब लंबे समय बाद राहत मिली तो सड़कों का नजारा भी अलग था, लोग अपने परिजनों और मित्रों के साथ मौसम का जमकर मजा ले रहे थे। हालांकि शहर में चल रहे लॉकडाउन के कारण नाश्ते की दुकानें बंद रखने के आदेश हैं, लेकिन यह भी मौका देखकर चौका लगाने से पीछे नहीं रहे, सुबह से कचौड़ी, समोसे और पकौड़ी की दुकानें खुल गईं और लोगों ने जमकर इन चटपटे व्यंजनों का स्वाद लिया, वहीं चाय के स्टॉल भी सुबह खुले और खूब चाय बिकी।  
नगम के दावों की खुली पोल
नाला सफाई के दावे करने वाली नगर निगम की पोल खोल दी। शहर के निचले इलाकों में पानी भर गया। जागृति नगर, तारागंज गुड़ी-गुड़ा का नाका सहित अनेक क्षेत्रों में पानी निकासी की व्यवस्था ना होने के कारण लोगों के घरों में पानी भर गया यह घर से बाहर तक नहीं निकल पा रहे हैं उधर नाले भी साफ नहीं हुए, जिससे गंदगी भी सड़कों पर आ गई । उधर बहोड़ापुर में केसरबाग के सामने तो बाढ़ जैसे हालात बन गए, यहां लोगों की गाडिय़ां फंसकर बंद हो गई, पानी निकासी के लिए कई बार फोन किया गया तब जाकर निगम की गाड़ी यहां पहुंची। उधर मुरार के नदी पार टाल क्षेत्र में भी पानी भर गया, जिससे लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। 
तिघरा में बढ़ा पानी
बरसात का सिलसिला शुरु  होते ही तिघरा का जल स्तर भी बढऩा शुरु हो गया है। सोमवार को इसमें आधा फुट पानी बढ़ गया। इससे दो दिन पानी की सप्लाई हो सकेगी। तिघरा की कुल जल क्षमता 740 फुट है, लेकिन इसे 738 फुट ही भरा जाता है। आज तिघरा 728 .80 फुट तक पहुंच गया है। सिंचाई विभाग के एई उपयंत्री ने बताया कि अब तिघरा में लगातार पानी बढ़ रहा है, जिसके चलते रात तक इसका जलस्तर काफी बढ़ सकता है। दो दिन पहले तक अवर्षा की स्थिति के चलते तिघरा का जल स्तर लगातार कम हो रहा था। इसे लेकर चिंता बढ़ गई थी। भले ही अभी इसके कैचमेंट एरिया से ज्यादा पानी नहीं पहुंचा है, लेकिन आसपास बने पहाड़ों पर हुई बरसात का पानी धीरे-धीरे तिघरा में पहुंच रहा है।