विवाहिता ने लगाई फांसी, पति ने बचाया

Jul 16 2020

ग्वालियर। लॉकडाउन लगा तो दंपति किराए का कमरा छोड़कर अपने घर पहुंचे। घर पहुंचते ही पत्नी नहाने चली गई और फांसी लगाकर जान देने का प्रयास किया। समय रहते परिजनों की नजर उस पर पड़ी तो शोर मचाया और पति सहित अन्य ग्रामीण मौके पर पहुंचे और उसे फंदे से उतारा। घटना बिजौली थाना क्षेत्र के ग्राम भेला खुर्द की है। घटना का पता चलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची और गंभीर हालत में महिला को उपचार के लिए पहुंचाया। जहां पर उसकीहालत गंभीर देखकर न्यूरोलॉजी में भर्ती करा दिया है।
बिजौली थाना क्षेत्र के भेला खुर्द निवासी विशाल सिंह प्रायवेट जॉब करता है और पत्नी नीलम के साथ किराए का कमरा लेकर रहता है। दो दिन पहले सात दिन के लिए लगाए गए टोटल लॉकडाउन के चलते काम बंद होने पर विशाल व नीलम ने गांव जाने की प्लानिंग की और दोपहर दो बजे के लगभग गांव पहुंच गए। 
घर पहुंचते ही नीलम नहाने चली गई। उसको नहाने जाते देखकर विशाल बाहर चला गया तभी बड़े भाई की पत्नी प्रियंका की चीख सुनाई दी और वह भागकर पहुंचा तो पता चला कि नीलम नहाने के बाद कमरे में पहुंची और दुपट्टे का फंदा बना रही थी तो उस पर प्रियंका की नजर पड़ी तो उसने शोर मचाया और उसे रोकने का प्रयास किया, लेकिन उसने फंदा गले में डाल लिया। मामले का पता चलते ही विशाल तथा अन्य ग्रामीणों ने उसे फंदे से उतारा और पुलिस व 108 ए बुलेंस को सूचना दी। 
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस कंट्रोल रूम में पदस्थ आरके मिश्रा व प्रधान आरक्षक भागीरथ प्रयाद ने पुलिस की डायल 100 को मौके पर पहुंचाया। करीब आधा घंटे तक एंबुलेंस मौके पर नहीं पहुंची तो डायल 100 नीलम को लेकर मुरार अस्पताल पहुंची, जहां पर उसकी हालत गंभीर देखकर उसे जेएएच रैफर कर दिया। जहां उसे न्यूरोलॉजी में भर्ती करा दिया है। डॉक्टरों का कहना था कि समय पर मदद नहीं मिलती तो नीलम की जान भी जा सकती थी।