लॉप्रेशर का क्षेत्र होने से नहीं हो रही बरसात

Jul 13 2020

ग्वालियर। भले ही रविवार को पानी गिर गया हो, लेकिन मौसम के जानकारों का कहना है कि बादलों के  कुछ टुकड़ों ने भले ही बरसात को अंजाम दे दिया हो, लेकिन यह किसी सिस्टम का नतीजा नहीं था, बल्कि इसके लिए कम से कम तीन दिन इंतजार करना पड़ सकता है। जब तक ग्वालियर में लॉप्रेशर बना हुआ है बरसात नहीं होगी, फिलहाल यह 1000 पर है, जैसे ही 998 टर्फ क्षेत्र बनेगा बरसात की संभावना बढ़ जाएंगी, चूंकि हिमालय की तराई में सिस्टम है ऐसे में उत्तराखंड के साथ ही उत्तरप्रदेश को इसका लाभ मिल रहा है। फिर भी हल्की बूंदाबांदी और तेज हवाएं कुछ राहत जरूर देंगी।
सुबह से खिली धूप
इधर लोगों ने शाम के मौसम से प्रभावित होकर सुबह भी इसकी कल्पना कर ली थी, लेकिन सोमवार को छितरे बादलों को परे कर धूप में अपना प्रभाव बना लिया है, जिससे गर्माहट का अहसास फिर बढ़ गया है। हालांकि बादल बीच-बीच में जरूर टांग अड़ाने का प्रयास करते हैं, जिससे कुछ समय को धूप रुक जाती है, लेकिन फिर वहीं स्थिति बन जाती है। इस अनमने मौसम का असर जनजीवन पर भी दिखाई दे रहा है, लोग कम ही घर से बाहर निकल रहे हैं। वहीं दस बजे के बाद तो धूप का असर और ज्यादा बढ़ जाने से बेचैनी महसूस होने लगी थी।