टाइम बढ़ाते ही बाजारों से भीड़ हुई कम

Jul 09 2020

ग्वालियर। कोरोना संक्रमण के बढ़ते मरीजों के बाद प्रशासन ने दोपहर 2 बजे तक बाजार खोलने का आदेश जारी किया जिससे पहले दिन ही बाजारों में हालात बिगड़ गए। हर सड़क पर जाम की स्थिति बनी रही और लोग शारीरिक दूरी का पालन करना तो छोड़ों निकलने तक के लिए परेशान हो गए। चार दिन बाद बाजार खुलने से सबसे ज्यादा भीड़ उन बाजारों में रही जहां जरूरत का सामान मिलता है। बाजारों में हुए बेकाबू हालातों को देखते हुए प्रशासन ने बुधवार की शाम को निर्णय लेकर एक बार फिर से शाम को 7 बजे तक बाजार खोलने के आदेश दिए हंै जिसका असर आज बाजारों में देखने को मिल रहा है। जिन बाजारों में जहां भीड़ थी वहां आज ग्राहक गायब हैं और दुकानदार आराम से अपनी दुकानदारी कर रहे हैं। भीड़भाड़ नहीं होने के कारण व्यापारी और ग्राहक भी गाइड लाइन के अनुसार चल रहे हैं।  सुबह से ही सामान खरीदने के लिए लोग निकल रहे हैं लेकिन वह भीड़ नहीं लगा रहे हैं।
प्रशासन द्वारा चार दिन बाद बाजार खुलवाए गए और वह भी दोपहर 2 बजे तक के लिए 8 घंटे में कैसे कारोबार होगा और भीड़ के कारण संक्रमण फैलने का भय बना रहेगा, जिसे लेकर व्यापारियों और उनके प्रतिनिधियों ने प्रशासनिक अधिकारियों से शाम 7 बजे तक बाजार खोलने के लिए निवेदन किया, जिस पर कलेक्टर कौशलेंद्र विक्रम सिंह, एडीएम किशोर कान्याल ने आदेश जारी कर दिया।