सफाई कर्मियों की उपायुक्त ने ली क्लास

Jul 07 2020

ग्वालियर। अब तक निरीक्षण के दौरान गायब रहने वाले सफाई कर्मचारियों का सीधे ही वेतन काट दिया जाता था, लेकिन इससे उन्हें फर्क नहीं पड़ रहा था। जिसके चलते मंगलवार को उपायुक्त स्वास्थ्य नगर निगम सत्यपाल सिंह चौहान ने सफाई कर्मियों से लेकर दरोगाओं तक की बीच सड़क पर क्षेत्रीय लोगों के बीच ही क्लास ले डाली और साफ समझाइश भी दे दी कि यह आखिरी चांस है, इसके बाद ऐसी हरकत की तो फिर नौकरी से बाहर का रास्ता दिखा दिया जाएगा और कोई किंतु, परंतु नहीं सुनी जाएगी। इसके साथ ही दरोगा और सहायक दरोगाओं को भी समझा दिया गया कि वह भी अलर्ट हो जाए या फिर कार्रवाई झेलने के लिए तैयार रहें। अब ऐसा नहीं चलेगा। शहर में किसी भी तरह की गंदगी बरदाश्त नहीं की जाएगी।