कोरोना पॉजिटिव कैदी चकमा देकर भागा

Jul 07 2020

ग्वालियर। कोरोना संक्रमित पाए जाने के बाद जेल से अस्पताल में भर्ती होने आया चोर जेल प्रहरियों को चमका देकर फरार हो गया। घटना कंपू थाना क्षेत्र स्थित सुपर मल्टी स्पेशलिटी की है।             
जेल प्रहरी जावेद को लेकर सुपर स्पेशलिटी के गेट पर खड़े होकर एंबुलेंस का इंतजार कर रहे थे और इसी बीच हर पंाच मिनट में जावेद ने बाथरूम जाना शुरू कर दिया। दो से तीन बार तो प्रहरी उसके साथ गए, लेकिन इसी बीच बारिश होने लगी तो प्रहरी लापरवाह हुए और मौका पाकर जावेद भाग निकला और प्रहरी उसके इंतजार में ही खड़े रहे। पुलिस को पता चला है कि भागा हुए चोर का परिवार दिल्ली में रहता है।               
कंपू थाना क्षेत्र के अवाड़पुरा निवासी जावेद खान को दो दिन पहले मोबाइल चोरी करते समय जनता ने पकड़ा था और पुलिस को सौंपा था। पुलिस ने उसे न्यायालय में पेश किया और वहां से उसे जेल भेज दिया था। जेल में दाखिल होने से पहले उसकी कोरोना की जांच कराई थी, जिसमें वह पॉजीटिव आया था। इसका पता चलते ही उसे जेल से जेएएच स्थित सुपरमल्टी स्पेशलिटी में भर्ती कराने के लिए जेल प्रहरी सोनू डंडोतिया हरि गुप्ता एंबुलेंस से लेकर पहुंचे। यहां पर डॉक्टरों ने लिस्ट चेक करने के बाद बताया कि संक्रमित मरीज को सुपर स्पेशलिटी नहीं, बल्कि महाराजपुरा थाना क्षेत्र स्थित आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कराना है, इसका पता चलते ही प्रहरी हरि गुप्ता व सोनू डंडोतिया ने इसकी जानकारी अफसरों को दी और एंबुलेंस की मांग की।