सावन का आगाज भी सूखा रहा

Jul 06 2020

ग्वालियर। आसमान सुबह से बादलों से लदा हुआ है, नमी की मात्रा भी पर्याप्त है, इसके बावजूद रिमझिम बरसात वाले मौसम सावन का आगाज सूखा ही रहा, जिसने लोगों को परेशान करके रख दिया है। लोग लगातार आकाश ताक रहे हैं, लेकिन उनकी पानी की आस अधूरी ही है,   जबकि मौसम विभाग तक ने जोरदार बरसात की संभावना जताई थी, वहीं बंगाल की खाड़ी व अरब सागर से लगातार मॉस्चर बढ़ रहा है, वहीं शहर के ऊपर बनी टर्फ लाइन कायम है।
हालांकि आषाढ़ के साथ ही रिमझिम बरसात का आगाज हो जाता है और सावन आते-आते तो धरा के साथ ही तन और मन भी मस्त मौसम से सराबोर हो चुके होते हैं, लेकिन सोमवार को जब सावन मास शुरु हो गया और आसमान से बजाए पानी की ठंडी-ठंडी बूंदों से मिलनी वाली राहत की जगह धूप की तेज किरणें परेशानी बढ़ाती रहीं। वहीं रविवार को जहां उमस से कुछ बचाव हो गया था, लेकिन सोमवार को गर्मी और उमस की डबल मार अलग झेलनी पड़ रही है। इन हालात में लोग बजाए एंजॉय करने के चार दीवारी के भीतर रहने में ही भलाई समझ रहे हैं, बाहर आते ही दिक्कत शुरु हो जाती है। ऐसे में सड़कों से गहमा-गहमी गायब है।                
सूखे मौसम को लेकर अब मौसम के जानकार भी परेशान हैं।  पूरे प्रदेश में मानसून ने दस्तक दे दी है, वहीं ग्वालियर में भी इसके लिए अनुकूल वातावरण है। बंगाल की खाड़ी और अरब सागर से आने वाले मॉस्चर में लगातार इजाफा हो रहा है, लेकिन इसके बावजूद भी बादल बरसात में नहीं बदल पा रहे।