मंदिरों और आश्रमों में सुबह रही भीड़, 10 बजे के बाद पट हुए बंद

Jul 05 2020

ग्वालियर। बाजारों के शटर भले ही गिरे हों और मंदिरों के पट 10 बजते ही बंद हो गए लेकिन गुरु की भक्ति करने के लिए शिष्य भोर होते ही मंदिरों में पहुंचना शुरू हो गए और त्रिवेणी स्वरूप गुरु का पूजन करते हुए आशीर्वाद ले रहे हैं। रविवार को गुरु पूर्णिमा पर सुबह से गिर्राजजी मंदिरों में भक्तों की भीड़ लगी हुई है और भगवान के चरण वंदन करते हुए मनोकामनाएं मांग रहे हैं। कोरोना महामारी के चलते यहां तैनात पुलिसकर्मी भक्तों से आग्रह कर रहे हैं कि वह दूरी बनाकर दर्शन करें। मुरार, सदर बाजार स्थित गिर्राजजी मंदिर में परिक्रमा लगाने वाले भक्तों को मंदिर प्रबंधन ने रोक दिया और कहा इस महामारी से बचना है तो परिक्रमा लगाने की बजाए हाथ जोड़कर ही घर जाएं। हाइकोर्ट स्थित गिर्राजजी मंदिर पर रात 12 बजते ही भक्तों की भीड़ लगना शुरू हो गई। भक्त परिक्रमा लगाते हुए मनोकामनाएं मांग रहे हंै। मंदिर प्रबंधन भक्तों से आग्रह कर रहा है कि 21, 51 परिक्रमा की जगह एक परिक्रमा लगाकर ही मनोकामना मांगे और दूरी बनाकर दर्शन करें। जनकताल गिर्राजजी मंदिर पर भी भक्तों की भीड़ लगी हुई है।               
इन मंदिरों में भी रही भीड़
गुरु ही ज्ञान देता है और आगे बढऩे का मार्ग दिखाता है। कई लोग साधुृ-संतों को गुरु बनाते हैं तो बच्चे अपने शिक्षकों को गुरु मानकर उनका पूजन करते हैं। माता-पिता भी गुरु होते हैं लेकिन कई लोग भगवान को गुरु मानकर उनकी आराधना करते हैं। रविवार को गुरु पूर्णिमा पर सांई बाबा मंदिर विकास नगर में भक्तों की भीड़ लगी रही तो वहीं खेड़ापति हनुमान मंदिर, गरगज हनुमान मंदिर, अचलेश्वर महादेव सहित सभी मंदिर में भक्त पहुंचे। 10 बजते ही मंदिरों के पट पुजारियों ने बंद कर दिए।