मौसम ने दी राहत

Jul 05 2020

 ग्वालियर। लगातार तेज धूप, गर्मी और उमस के बाद अंतत: सावन के आगाज से मात्र एक रोज पहले रविवार को मौसम ने राहत देने का काम किया है। सुबह से छाए बादलोंके कारण जहां सूरज की किरणें धरती तक नहीं पहुंच सकीं, वहीं ठंडी-ठंडी बयार ने भरपूर सुकून दिया। सूरज की चमक पर अंकुश लगते ही लोगों के चेहरों की चमक बढ़ गई है और अब सभी को आस है झमाझमबरसात की, शायद आज उनकी यह इच्छा भी पूरी हो जाए।
मौसम के इस बदलाव के पीछे उत्तर प्रदेश में बनी टर्फ लाइन है जो ग्वालियर के पास से गुजर रही है और लगभग तीन दिन अपना असर दिखाएगी। यानि चुभन और झुलसन से कुछ छुटकारा तो मिलेगा। वहीं एक सिस्टम और बंगाल की खाड़ी में तैयार हो रहा है जो, अगले सप्ताह तक अंचल में अपना प्रभाव दिखाएगा।                 
भले ही नौतपा न तपा हो, लेकिन इसके बाद गिरे तापमान के बावजूद धूप और उमस के संगम से जो हाल लोगों का हुआ उसने बेहाल करके रख दिया है, बल्कि चार रोज पहले से तो पारे ने भी बांहें चढ़ाने में कतई कोताही नहीं की और हालात लोगों के लिए मुसीबत बन गए। लोग एक माह से आसमान ताक रहे हैं, लेकिन पूरा आषाढ़ माह बीत जाने के बाद भी आंखें रिमझिम बरसात देखने के लिए तरस गई, इस बीच आज का मौसम कुछ राहत का संदेश जरूर लाया है।  
मौसम ने अभी हल्की ही करवट ली है, लेकिन लोग इसका लुत्फ लेने में पीछे नहीं हैं। सड़कों पर गहमा गहमी इस बात को उजागर कर रही है। यही नहीं द तरों में रविवार को साप्ताहिक अवकाश और लॉकडाउन के कारण आज लोग टोटल फ्री हैं ऐसे में फिर कहां घर में रुकने वाले थे, तब वह पिकनिक के मूड में आ गए और तिघरा डेम का रुख किया। वहीं किले पर भी लोग पिकनिक मनाने मित्रों और परिवार के साथ पहुंच रहे हैं। चूंकि लॉकडाउन है ऐसे में शहर के कई अन्य पिकनिक स्पॉटों पर जाने की इच्छा पूरी नहीं हो पा रही।