बदमाशों ने सराफा कारोबारी को लूटा

Jun 28 2020

ग्वालियर। ग्राहक बनकर आए बदमाश मात्र 20 मिनट दुकान में रुके और पूरी दुकान का माल समेट ले गए। जिस तरह से बदमाशों ने पूरी वारदात को अंजाम दिया, उससे व्यवसायी दहशत में आ गया और अपनी सुधबुध खो बैठा। वारदात के बाद उसने शोर मचाया और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच के बाद मामला दर्ज कर लिया है। पीडि़त व्यवसायी ने पुलिस को बताया कि दहशत के वह बीस मिनट ऐसे थे कि लग रहा था कि कहीं बदमाश उसे गोली ना मार दे। घटना के बाद से अभी तक उसकी आंखों में सिर्फ बदमाशों का चेहरा और कट्टा नजर आ रहा है। 
महाराजपुरा थाना क्षेत्र के आदित्यपुरम निवासी सागर सोनी पुत्र मुरारी सोनी पेशे से सराफा कारोबारी है और उनकी आदित्यपुरम में ही तिरूपती ज्वैलर्स के नाम से सोने व चांदी के जेवर की दुकान है। दुकान पर सागर के साथ उसके चाचा विनीत सोनी भी बैठते है।  विनीत सोनी किसी काम से गोहद गए थे और दुकान पर सागर अकेला था। शाम करीब 4 बजे दो युवक आए और चांदी की अंगूठी खरीदने की कहा। इसके बाद सागर ने उन्हें अंगूठी दिखाई और उन्होंने एक अंगूठी पसंद की, जिसकी कीमत 180 रुपए देकर वे अंगूठी लेकर चले गए। मात्र पांच मिनट में ही वे वापस आए और अंगूठी के नग में कमी बताते हुए बदलने की बात कहीं। वह अंगूठी निकाल ही रहा था कि तभी एक बदमाश ने उसकी कनपटी पर कट्टा अड़ाया और धमकी दी कि अगर मुंह से आवाज भी निकली तो वह गोली मार देगे। धमकी और कट्टा देखकर सागर के होश उड़ गए और बदमाश दुकान से करीब साढ़े छह किलो चांदी के साथ ही करीब चार तोला सोने के जेवर पार कर ले गए। वारदात के बाद आरोपी वहां से भाग गए। घटना का शिकार हुए व्यवसायी ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच के बाद मामला दर्ज कर लिया है। 
पीडि़त ने बताया कि दोनों बदमाशों की उम्र करीब बीस से पच्चीस साल के बीच में थी और दोनों ने ही साफी से मुंह बांधे हुए थे। एक बदमाश ने रेड शर्ट के साथ कैफरी पहनी हुई थी तो दूसरे ने खाकी कलर की टीशर्ट  के साथ ही पेंट पहना हुआ था। बदमाशों द्वारा अंजाम दी गई पूरी वारदात वहां पर लगे सीसीटीवी में कैद हुई है। 
लगातार हो रही है वारदात
पिछले एक माह में बदमाश लगातार वारदातों को अंजाम दे रहे है। अभी तक लुटेरे शहर के हाइवे पर वारदातों को अंजाम दे रहे थे, लेकिन अब उन्होंने शहर के बाहरी इलाकों में भी वारदात को अंजाम देना शुरू कर दिया है।