48 घंटे के अंदर बारिश की संभावना

Jun 25 2020

ग्वालियर। अगले 48 घंटे के अंदर बारिश की संभावना है। गत बुधवार को शहर पूरी तरह सूखा रहा और बारिश नहीं हुई। इससे उमस ने लोगों को दिनभर बेचैन किया। मानसून पूरे प्रदेश में सक्रिय हो चुका है, लेकिन कम दबाव का क्षेत्र ग्वालियर क्षेत्र के आस-पास बना हुआ है। बंगाल की खाड़ी का भी कम दबाव का क्षेत्र आगे बढ़ गया है । 
मौसम विभाग के अनुसार अब आज और कल बारिश की संभावना शहर में बन रही है। मौसम विभाग के अनुसार बुधवार को शहर में बारिश नहीं हुई जिससे तापमान में बढ़त दर्ज की गई। शहर का अधिकतम तापमान 35.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो कि सामान्य पर पहुंच गया। जबकि न्यूनतम तापमान 25.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जो सामान्य से 1 डिग्री अधिक रहा। सुबह की आद्र्रता 76 प्रतिशत दर्ज की गई जबकि शाम की आद्र्रता 60 प्रतिशत रही। मौसम विभाग ने संभाग के कुछ स्थानों पर वर्षा या गरज-चमक के साथ बौछारें पडऩे की संभावना जताई है। 
गुरुवार को सुबह से ही काले बादल छाए देखे गए। हल्की धूप भी आसमान में कुछ देर के लिए देखी गई। सुबह दस बजे के बाद गर्मी और उमस ने लोगों को परेशान किया। कई लोग किले पर भी भ्रमण करते देखे गए। 
सड़क और बाजारों से रौनक गायब
सुबह कुछ राहत थी, तब तक तो लोग बाजारों में भी दिखे और सड़कों पर भी,लेकिन दस बजे के बाद जैसे ही गर्मी और उमस की डबल मार पडऩी शुरु हुई लोगों ने घर लौटना ही बेहतर समझा। 12 बजे तक तो शहर में आवाजाही बेहद कम हो गई और बाजारों में सन्नाटा सा पसर गया। मौसम विभाग का कहना है कि फिलहाल गर्मी और उमस से राहत की सोच न पालें तो ही बेहतर है, क्योंकि शहर में मानसून पहुंचने में देर है जब तक झमाझम बरसात नहीं होगी, गर्मी और बरसात से बचने का स्थाई समाधान नहीं होगा। इस बीच बादल जोरदारी से गरज तो सकते हैं, लेकिन मामला बूंदाबांदी से आगे नहीं बढ़ेगा। शाम के वक्त जरूर नमी के कारण हवा में ठंडक रहने से कुछ राहत रहेगी।