पत्नी की हत्या कर भागे पति का भी शव मिला

Jun 25 2020

ग्वालियर। बिजौली थाना क्षेत्र के सुमेरपाड़ा में पत्नी की कट्टे से गोली मारकर हत्या कर भागा पति भी मरा हुआ मिला है। घटना गोला का मंदिर थाना क्षेत्र स्थित देशी कलारी के सामने की है। घटना का पता चलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच के बाद मर्ग कायम कर शव को पीएम हाउस भेज दिया है। फिलहाल पुलिस को पता नहीं चल सका है कि उसने जहर खाकर जान दी है या फिर ज्यादा शराब पीने से मौत हुई है। 
गोला का मंदिर थाना प्रभारी हीरा सिंह चौहान ने बताया कि गुरुवार की सुबह सूचना मिली थी कि गोला का मंदिर चौराहा स्थित देशी शराब की दुकान के सामने एक युवक का शव पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच की तो उसकी पहचान बिजौली थाना क्षेत्र के सुमेरपाड़ा निवासी बलवीर सिंह के रूप में हुई। साथ ही पता चला कि वह डेयरी फार्म पर सुपरवाइजर है। साथ ही पता चला कि  उसने अपनी पत्नी सरबजीत की गोली मार कर हत्या की है। इसका पता चलते ही बिजौली थाना पुलिस को सूचना देकर मृतक का शव पीएम हाउस पहुंचाया। फिलहाल पता नहीं चल सका है कि बलवीर ने जहर खाकर जान दी है या फिर ज्यादा शराब पीने से मौत हुई है। 
मौके पर पहुंचे परिजनों ने बताया कि मृतक के ससुरालवालों ने कुछ पैसे लिए थे, जिन्हें वे वापस नहीं कर रहे थे, जब भी रुपयों की बात होती उसकी पत्नी सरबजीत कौर मायके पक्ष का पक्ष लेती थी, इससे उसने उसकी हत्या की है।