शराब पीने से रोकने पर पति ने पत्नी की गोली मारकर हत्या की

Jun 24 2020

ग्वालियर। जिले के देहात क्षैत्र में शराब पीने से मना करने पर एक शख्स ने अपनी पत्नी की गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गया है। पुलिस आरोपी की तलाश में जुट गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, बिजौली थाना अंतर्गत सुमेरपुरा में रहने वाला दलवीर सिंह एक प्राइवेट फैक्ट्री में मैनेजर के पद पर कार्यरत है। दलवीर के बेटे सचदेव के मुताबिक आरोपी शराब पीने का आदी है। मंगलवार रात दलवीर का पत्नी सर्वजीत से विवाद हुआ था। इसके बाद बुधवार सुबह दलवीर ने कट्टे से घर में ही सर्वजीत की गोली मारकर हत्या कर दी। मृतिका के बेटे सचदेव का कहना है वारदात के बाद दलवीर उसकी भी हत्या करना चाहता था, लेकिन अचानक से उसका इरादा बदल गया और उसने उसे शराब खरीदने भेज दिया, जिसके चलते उसकी जान बच गई। वारदात के बाद आरोपी मौके से भाग निकला। विवेचना अधिकारी नरेंद्र सिंह चौहान के अनुसार घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुच गई। साथ ही फोरेंसिक टीम को भी बुलवा लिया गया। प्रारंभिक पूछताछ में जानकारी मिली है शराब पीने से रोकने पर संभवतः दलवीर ने अपनी पत्नी की गोली मारकर हत्या कर दी है। फिलहाल पुलिस ने सर्वजीत के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आरोपी की तलाश में उसके संभावित ठिकानों पर दविश दी जा रही है।