टूटी सड़कों से नाराज कांग्रेस ने दिया धरना

Jun 24 2020

ग्वालियर। शिवराज सिंह रहम करो, टूटी सड़कों का निर्माण करो, इस नारे के साथ उपनगर ग्वालियर के घास मंडी चौराहे पर कांग्रेस ने धरना दिया। इस अवसर पर ब्लॉक कांग्रेस नेता व रहवासी मौजूद रहे। बुधवार को उपनगर ग्वालियर के घास मंडी चौराहे पर आयोजित धरना प्रदर्शन का नेतृत्व मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव सुनील शर्मा कर रहे थे। कांग्रेस नेता सुनील शर्मा का कहना है विगत दिनों से ग्वालियर विधानसभा क्षेत्र की अधिकांश सड़कों को खोद दिया गया है। लोगों को आवाजाही में खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है, लोग चोटिल हो रहे हैं, सड़क हादसों में बढ़ोत्तरी हुई है। श्री शर्मा ने बताया कि कई दफा शिकायतें करने के बाद भी नगर निगम ने सुध नहीं ली है। उन्होंने धरना प्रदर्शन के माध्यम से चेतावनी दी है कि मानसून आने से पूर्व भाजपा शासन और नगर निगम प्रशासन टूटी सड़कों का निर्माण कार्य कराए। जिससे क्षेत्रीय जनता को राहत मिल सके। धरना देने वालों में अमर सिंह यादव, एहसान खान, दर्शन सिंह, विकास जैन, राजू भदोरिया, नवीन भदकारिया, तरुन कुशवाह, मुनेंद्र भदोरिया, राघवेंद्र चौहान, प्रभुदयाल बाथम, शाकरा खान, मीना कुशवाह, अनसार अली, राजेश सिंह कुशवाह, उमेश भदोरिया, अजीत गोस्वामी, शकील मंसूरी, पवन मिश्रा, सवा रहमान, अरमान कुरैशी प्रमुख रूप से शामिल रहे।