पारा कम, उमस व पसीने से चिपचिपाहट बढ़ी

Jun 23 2020

ग्वालियर। आसमान पर छाए बादलों के चलते भले ही सूरज अपना विराट रूप नहीं ले पा रहा हो, जिससे पारे में लगातार गिरावट दर्ज हुई है, लेकिन बढ़ी नमी ने जिस तरह से उमस बढ़ाई है, वह अब लोगों की फजीहत कर रही है। पारा जहां साढ़े 11 बजे 35 डिग्री सेल्सियस पर ही पहुंचा, वहीं आद्र्रता 71 प्रतिशत पर पहुंच गई, जिससे वातावरण में नमी बढ़ जाने के कारण उमस पैदा हुई और इसने पसीने में चिपचिपाहट बढ़ा दी। इन हालात में लोगों को न तो घर में चैन मिल पा रहा है न बाहर सुकून। 
मौसम विभाग कह रहा है कि अभी पानी की संभलना नहीं है, लेकिन बूंदाबादी जरूर होगी। इससे हालात यह बनेंगे कि उमस और बढ़ जाएगी। फिलवक्त गर्मी से जरूर कुछ राहत है। वहीं अधिकतम पारा 40 डिग्री सेल्सियस के ऊपर नहीं जाएगा।                 
 मंगलवार को न्यूनतम पारा 29.1 डिग्री सेल्सियस रहा, जो कि सामान्य से 0.8 डिग्री सेल्सियस अधिक था, वहीं साढ़े पांच बजे पारा 29.8 डिग्री सेल्सियस रहा। साढ़े आठ बजे तक इसमें मामूली सी बढ़ोतरी हुई और यह 31 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचा, वहीं साढ़े 11 बजे पारा 35.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। वहीं आद्र्रता 71 प्रतिशत पर पहुंच गई जो कि सामान्य से 14 प्रतिशत अधिक थी। मौसम विभाग का कहना है कि बंगाल की खाड़ी में दो सिस्टम बन रहे हैं, इन्हे यहां पहुंचने में दो दिन का समय लगेगा।