लोगों को चटक गर्मी और गर्महवा से राहत मिली

Jun 20 2020

ग्वालियर। पूरे एक सप्ताह बाद शहर के लोगों को चटक गर्मी और गर्महवा से राहत मिली है, सुबह से आसमान पर छाए बादलों के साथ 15 से 20 किलोमीटर प्रतिघंटा की र तार से चल रही हवा भरपूर सुकून दे रही है, जिससे मुरझाए चेहरों पर एक बार फिर हल्की सी चमक आ गई है। यदि मौसम विभाग की मानें तो फिर यह मानसून की आहट जरूर है, लेकिन फिलहाल इससे ज्यादा आस पालना ठीक नहीं, क्योंकि हल्की बूंदाबांदी से फिलहाल बात आगे नहीं बढ़ेगी, लेकिन सूरज की तपिश से जरूर छुटकारा मिलेगा और तापमान में गिरावट दर्ज होगी। यह संकेत सुबह से कमजोर दर्ज पारे ने देने शुरु कर दिए हैं, यानि उस चुभन और झुलसन से राहत रहेगी जो अब तक खाल उधेडऩे का काम कर रही थीँ और लोगों को इसके डर से सुबह से घरों में कैद हो जाना पड़ रहा था।
अरब सागर में बन रहे सिस्टम का असर ग्वालियर में देखने को मिल रहा है, जिसके प्रभाव से हवा में नमी घुल जाने के कारण बादल सक्रिय हो गए हैं और यही बूंदाबांदी का कारण भी बने हैं, अब ज्यादा बदलाव की संभावना नहीं है, दिन में कुछ गर्माहट जरूर रहेगी, लेकिन हवा राहत भी देती रहेगी। बरना जो हालात गर्मी ने पैदा किए थे उससे लोगों की जान मुंह में अटकने लगी थी, जनजीवन पूरी तरह ठप हो गया था। आज जब राहत रही तो फिर एक बार फिर हालात सामान्य दिखे, जिससे लोग घर से बाहर भी आए और अपने काम भी निबटाए, अधिकांश केवल मौसम का लुत्फ लेने ही सुबह से खुले क्षेत्रों में दिखाई दिए। उन लोगों ने भी बड़ी राहत महसूस की जो मॉर्निंग वॉक पर तो जाते थे, लेकिन तेज गर्मी उन्हे पसीने से लथपथ कर देती थी। यह अलग बात है कि उमस के कारण दस बजे के बाद चिपचिपाहट ने बेचैन करना शुरु कर दिया। दोपहर से पहले धूप में कुछ तेजी आ गई, जिससे परेशानी हुई, लेकिन मौसम कभी भी बदल सकता है।