बेसहारा महिला की मदद के लिए आगे आए समाजसेवी

Jun 19 2020

ग्वालियर। रेलवे स्टेशन पर पिछले पांच दिनों से अपनी दो मासूम बेटियों के साथ भूखी- प्यासी रह रही एक महिला को आखिरकार मीडिया के जरिए मदद मिली। महिला को ऐसे मददगार मिल गए, जिन्होंने उसे मां के घर पहुंचाने की व्यवस्था करके ग्वालियर से गाजीपुर के लिए रवाना किया। महिला के स्टेशन पर दो मासूम बेटियों के साथ फंसे होने की सूचना जैसे ही शहर के समाजसेवियों को हुई, मदद के लिए आगे आए।           विवेक सेवा समिति के लोग स्टेशन पहुंचे और महिला से संपर्क किया, जहां से उसे झांसी से वाया बनारस का टिकट कंफर्म करा कर दिया। सरोज जाटव नामक एक महिला गोवा में एक सुपर मार्केट में काम करती थी, लेकिन लॉकडाउन के चलते वो श्योपुर जिले के विजयपुर में बड़ी बहन के पास रहने पहुंच गई थी, जहां बहन के ससुर के रोज-रोज के तानों से परेशान होकर वो ग्वालियर आ गई थी।
महिला ने बताया की, उसके पति का एक साल पहले देहांत हो गया था, वो पेंटिंग का काम किया करता था। महिला का कहना है कि, वो फिलहाल कुछ दिन अपनी मां के पास रहेगी, फिर मेहनत मजदूरी करके बेटियों का पेट पालेगी।