कोरोना से जिले में तीसरी और शहर में पहली मौत

Jun 17 2020

ग्वालियर में कोरोना वायरस से संक्रमित मरीज की बुधवार इलाज के दौरान मौत हो गई। करीब चार दिन पहले मरीज के सैंपल जांच के लिए भेजे गए थे, उनकी रिपोर्ट कोरोना संक्रमित आई थी। जिसके बाद उनको आईसोलेट कर सुपर स्पेशलिटी अस्पताल में ट्रीटमेंट चल रहा था। मौत के बाद प्रशासन और हेल्थ अमला सकते में हैं। 
जानकारी अनुसार गदाईपुरा, बिरलानगर निवासी रामसिंह सिंह (परिवर्तित नाम) उम्र 52 साल की रिपोर्ट कोरोना संक्रमित पाई गई थी। उनका इलाज चल रहा था। बताया जाता है कि वे लीवर की बीमारी से ग्रस्त थे और 27 मई को दिल्ली से इलाज कराकर लौटे थे। लौटने के बाद उनका कोरोना टेस्ट किया गया था। बुधवार सुबह 8:20 बजे उनकी मौत हो गई। मौत की सूचना मिलने पर हेल्थ और प्रशासन के अधिकारी स्पॉट पर पहुंचे। वहीं सुपर स्पेशलिटी अस्पताल में कर्मियों ने पूरी सुरक्षा के साथ पीपीई किट पहनकर शव को अंतिम संस्कार के लिए भिजवाया। मृतक का पुत्र भी यहां मौजूद रहा। गौरतलब है कि इससे पूर्व 80 साल के बुजुर्ग की 10 मई को जयारोग्य अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई थी। बुजुर्ग की मौत के बाद प्रशासन ने मृतक के इलाके को कंटेनमेंट घोषित कर सील कर दिया था। बुजुर्ग की मौत कोरोना संक्रमण से होने की पुष्टि हुई थी। दूसरी मौत भी डबरा के गुप्ता परिवार की बुजुर्ग 104 साल की देवाबाई की हुई थी।