वर्षा होते ही पारा पहुंचा 26 डिग्री सेल्सियस

Jun 14 2020

ग्वालियर। छत्तीसगढ़ में बने हवा के ऊपरी दबाव के कारण  तेज बारिश के साथ भले ही पारे की दौड़ धीमी हुई है और इतवार को रवि के तेवर कुछ ढीले हैं, लेकिन वातावरण में बढ़ी नमी के चलते अब उमस ने परेशान करके रख दिया है, चिपचिपाहट भरा पसीना बेचैन कर रहा था, वहीं बूंदाबांदी शुरू होते ही पारा गिरकर 26 डिग्री सेल्सियस पर आ गया।
तुलनात्मक रूप से देखा जाए तो बदले इस मौसम के साथ दोपहर का पारा रात से भी कम हो गया। जिससे लोगों को घरों में बैठकर भी सुकून नहीं मिल रहा, वहीं हवा पर पूरी तरह ब्रेक लग गए हैं। आसमान पर बादलों की उपस्थिति भी इन हालात में पूरी भूमिका निभा रही है। मौसम विभाग का तो यह तक कहना है कि अब पारा बढऩे की संभावना भले ही कम हो, लेकिन उमस से छुटकारा नहीं मिलने वाला। यानि चिपचिपा पसीना परेशानी की वजह बना रहेगा।
रात को जिस मस्त बूंदाबांदी और शीतल हवा वाले मौसम को देखकर सोए थे, लंबे समय बाद सुकून की नींद आई थी और उन्हे पूरा भरोसा था कि सुबह भी ठंडी बयार के साथ शुरु होगी, लेकिन ऐसा हुआ नहीं, उदय के साथ ही सूर्य ने अपनी किरणें जमीन तक पसार दी, इससे उमस बढ़ी और बजाए सुकून के लोगों की दिक्कत बढ़ गई। हालांकि बादल और नमी के कारण पारा ज्यादा असर नहीं दिखा पाया, इसलिए जनजीवन जयादा प्रभावित नहीं हुआ ।