एटीएम तोड़ रहे दो बदमाश पुलिस को देख हुए फरार

Jun 12 2020

ग्वालियर। आधी रात को एटीएम तोड़ रहे दो बदमाश वारदात में सफल हो पाते उससे पहले ही पुलिस की डायल 100 मौके पर पहुंची  और पुलिस को देखकर बदमाश फरार हो गए। घटना बहोड़ापुर थाना क्षेत्र के आनंद नगर स्थित एसबीआई एटीएम में  की है। बदमाशों की तलाश में पुलिस ने घेराबंदी भी कराई, लेकिन वे हाथ नहीं आए हैं। 
बहोड़ापुर थाना क्षेत्र के आनंद नगर स्थित एसबीआई का एटीएम है। करीब दो बजे दो नकाबपोश बदमाश एटीएम में पहुंचे और उसको तोडऩा शुरू कर दिया। बदमाश एटीएम तोड़ रहे थे कि तभी आवाज सुनकर वहां से निकल रहे एक युवक ने पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस कंट्रोल रूम में तैनात एसआई ओपी शर्मा तथा धर्मेन्द्र प्रजापति ने डायल 100 को मौके पर पहुंचकर आरोपियों को पकडऩे के निर्देश दिए। जिस पर डायल 100 में तैनात पायलट अजय, आरक्षक सुशील द्विवेदी औेर रिंकू सिंह मौके पर पहुंचे। डायल 100 को आया देखकर एटीएम तोड़ रहे बदमाशों ने दौड़ लगा दी। बदमाशों को दौड़ते देखकर डायल 100 ने पीछा किया, लेकिन बदमाश हाथ नहीं आए।
बदमाशों की घेराबंदी और पकडऩे के लिए आस-पास के थानों के साथ ही शहर भर में गश्त में निकले अफसरों को निर्देशित किया। लेकिन बदमाश हाथ नहीं आए।