आग की लपटों से घिरे तो लगा दी छलांग

Jun 11 2020

 ग्वालियर। शॉर्ट सर्किट होने से दुकान व तीन मंजिला मकान में भीषण आग लग गई। आग की लपटों से जब परिजनों ने घिरा देखा तो मदद के लिए चीख-पुकार शुरू कर दी और आग से बचने के लिए दूसरी मंजिल पर आ गए। इस बीच पुलिस व दमकल मौके पर पहुंची और खिड़की में लगे एसी को हटाया जिससे परिजन छलांग लगाकर बाहर आ गए। घटना जनकगंज थाना क्षेत्र के लक्ष्मीगंज में तड़के की है। 
लक्ष्मीगंज चौराहे के पास स्थित एक मकान में तड़के 4 बजे के करीब आग की लपटें उठने लगीं मकान के नीचे बर्तन की दुकान है जिसमें मीटर फटने के कारण आग लगी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। आग लगने की खबर मिलते ही बाड़ा सब स्टेशन और बाल भवन हेड क्वार्टर से तीन गाडिय़ां मौके पर पहुंची और दमकलकर्मी आग बुझाने में जुट गए। मकान में तीन लोगों के फंसे होने की खबर मिलते ही सहायक फायर ऑफिसर देवेंद्र जखेनिया, सीएसपी रवि भदौरिया, जनकगंज थाना प्रभारी प्रीति भार्गव मौकेपर पहुंची और आग में फंसे लोगों को बचाने में जुट गए। इस बीच दमकलकर्मियों ने खिड़की में लगे एसी को निकाला तभी मकान में फंसे लोगों ने खिड़की से छलांग लगाकर अपनी जान बचाई। घटना की खबर मिलते ही पूर्व पार्षद गंगाराम बघेले मौके पर पहुंच गए। समय रहते आग पर काबू पाने और परिजनों की जान बचाने पर जनकगंज थाना प्रभारी प्रीति भार्गव ने फायरकर्मियों की पूर्व पार्षद ने सराहना की।                 
हॉस्टल में रह रही थी छात्राएं, लग गई आग, होगी कार्रवाई
कोरोना महामारी के चलते स्कूल, कॉलेज और कोचिंग सेंटर में ताले लटके हुए हैं और बाहर से आकर यहां अध्ययन करने वाले छात्र-छात्राओं को घर भेजने के लिए प्रशासन द्वारा कहा गया था। हॉस्टलों में संक्रमण न फैले इसके लिए लॉकडाउन के समय पर ही खाली करने के आदेश दिए गए थे लेकिन थाटीपुर स्थित मधुबन कॉलोनी में निगौती गल्र्स हॉस्टल में छात्राएं रह रही हैं, इसका खुलासा आग लगने के दौरान हुआ जब छात्राओं ने अपनी जान कमरों से बाहर निकलकर बचाई। 
मधुबन कॉलोनी में स्थित निगौती हॉस्टल में एसी बस्र्ट हो जाने से आग लग गई जो हॉस्टल के कमरों तक पहुंच गई। हॉस्टल में रह रहीं 6 छात्राओं ने अपनी जान कमरों से बाहर आकर बचाई। आग लगने की खबर मिलते ही दमकलदस्ता मौके पर पहुंचा और आग पर काबू पा लिया। दमकल अधिकारियों का कहना है कि हॉस्टल में भिंड, इटारसी और पूना की रहने वाली लड़कियां रूकी हुई थीं हॉस्टल संचालक ओपी गुप्ता का कहना है कि आग एसी के फटने से नहीं शॉर्ट सर्किट से लगी है  और हॉस्टल तक नहीं पहुंची है। दमकल अधिकारियों द्वारा हॉस्टल में छात्राओं के रूकने की रिपोर्ट और आग लगने की सूचना वरिष्ठ अधिकारियों को देने के साथ ही कार्रवाई की तैयारी शुरू कर दी है।
लक्ष्मीगंज चौराहे के पास रहने वाले दीपक बंसल के मकान में शॉर्ट सर्किट हो जाने से आग लग गई। आग लगते ही मकान में रह रहे वृद्ध दीपक बंसल, वीणा बंसल और पुत्र साकेत बंसल आग की लपटों से घिर गए। एसी हटाने के बाद तीनों ने खिड़की से कूदकर जान बचाई, जिस समय आग लगी यह तीनों ही अंदर थे जबकि साकेत की पत्नी भूमि अपने मायके गई थी।
मकान और दुकान में आग लगने से लाखों रुपए का नुकसान हो गया और मकान भी क्षतिग्रस्त हुआ है।दमकल अधिकारियों के अनुसार आग लगने से बर्तन की दुकान पूरी तरह से जलकर स्वाहा हो गई है। आग लगने से मकान क्षतिग्रस्त हुआ है। गृहस्वामी का कहना है कि आग लगने से 25 लाख का नुकसान हुआ है। आग लगने की सूचना पास में ही रहने वालेएडवोकेट संजय सिंह ने पुलिस व दमकल विभाग को दी। दमकल का कहना है कि आग में लाखों का नुकसान हुआ है।
दमकल अधिकारियों का कहना है कि समय रहते मकान में लगी आग पर काबू नहीं पाते तो एक बड़ा हादसा हो जाता। मकान में चार एलपीजी सिलेंडर रखे हुए थे जिन्हें सुरक्षित पड़ोसी की छत से कूदकर बाहर निकाला गया और मकान के पास में ही बिजली का ट्रांसफार्मर लगा हुआ है। दमकलकर्मियों को आग बुझाते समय ट्रांसफार्मर लगा होने से परेशानी भी हुई।