होटल आदित्याज​ 20 लाख रूपए का बिल होटल मैनेजमेंट शासन या प्रशासन से नहीं लेगा

Jun 06 2020

कोविड-19 की महामारी में शासन-प्रशासन के साथ सामाजिक संस्थाओं, गणमान्य नागरिकों और व्यवसाईयों ने भी कंधे से कंधा मिलाकर संक्रमण की रोकथाम और पीडि़त मानवता की सेवा में अनेक उदाहरण प्रस्तुत किए हैं। ऐसे सभी कर्मवीरों का स मान भी जनमानस में हुआ है। ग्वालियर में नोवेल कोरोना वायरस से संक्रमित लोगों को संस्थागत क्वारंटाइन करने के लिये प्रशासन द्वारा आदित्याज होटल को चिन्हित किया गया। होटल में संदिग्ध कोरोना व्यक्तियों को क्वारंटाइन भी किया गया। होटल प्रशासन ने इस महामारी के समय मानव सेवा में अपनी उत्कृष्ट सेवायें भी प्रदान की।
आदित्याज होटल के सीएमडी डॉ. दीपक कुमार टमोटिया ने कलेक्टर कौशलेन्द्र विक्रम सिंह से मुलाकात कर कहा कि क्वारंटाइन अवधि का लगभग 20 लाख रूपए का बिल होटल मैनेजमेंट शासन या प्रशासन से नहीं लेगा। यह होटल की तरफ से नोवेल कोरोना वायरस के संक्रमण के लिये किए जा रहे कार्यों में हमारा सहयोग होगा। उन्होंने प्रशासन को पत्र लिखकर भी अवगत कराया कि होटल मैनेजमेंट ने निर्णय लिया है कि कोरोना संक्रमण की रोकथाम के लिये उनके होटल को क्वारंटाइन हेतु चयनित किया, इसके लिये धन्यवाद। होटल द्वारा जो सेवायें दी गई हैं वह समाज हित में मानी जाए और कोरोना के संक्रमण की रोकथाम में हमारा योगदान माना जाए।
कौशलेन्द्र विक्रम सिंह ने आदित्याज होटल के डॉ. दीपक कुमार टमोटिया को इस सराहनीय कार्य के लिये बधाई दी। उन्होंने कहा कि महामारी के इस दौर में शासन प्रशासन के साथ व्यवसाइयों और आमजन मानस का सहयोग नितांत जरूरी है। होटल मैनेजमेंट की ओर से क्वारंटाइन सेंटर के रूप में होटल को नि:शुल्क उपलब्ध कराने की जो पहल की गई है वह अनुकरणीय है।