ग्राहकों से ज्यादा सोना-चांदी कारोबारी अलर्ट

Jun 06 2020

ग्वालियर। पसंद की चूड़ी या हार पर हाथ बाद में लगाना, पहले हाथों को सेनेटाइज कर ग्लब्स पहनो। यह बात इन दिनों सोना-चांदी कारोबारी ग्राहकों को कह रहे हैं। ग्राहक भी कोरोना से बचने के लिए पूरी सावधानी बरतते हुए ज्वेलरी को पसंद कर रहे हैं। कोरोना महामारी के चलते लॉकडाउन लगाया गया जिसमें लगभग 50 दिन तक सोना-चांदी कारोबारियों के शटर डाउन रहे।
प्रशासन ने कारोबारियों को राहत देते हुए शटर तो उठा दिए हैं लेकिन सावधानी बरतने के लिए कहा है, जिससे व्यापारियों ने भी दुकानों के बाहर खड़े होने वाले सुरक्षा गार्डों को अब डंडे या बंदूक की जगह थर्मल स्क्रीनिंग मशीन पकड़ा दी है। दुकान में हर जाने-आने वाले की थर्मल स्क्रीनिंग की जा रही है, वहीं हाथों को भी सेनेटाइज करने के बाद ही ज्वेलरी को हाथ लगाने दिया जा रहा है। 
कारोबारियों का कहना है कि बाजार में फिलहाल मंदी है लेकिन कोरोना से सावधानी बरतना जरूरी है इसलिए डिस्पोजल ग्लब्स मंगाए गए हैं। सराफा बाजार में स्वर्णम ज्वेलर्स के संचालक विजय गोयल का कहना है कि ग्राहकों को मास्क लगाने के बाद ही प्रवेश दे रहे हैं और ज्वेलरी पसंद करने से पहले हाथ सेनेटाइज कराकर ग्लब्स पहना रहे हैं।  
नहीं है कारोबार में उठान
सोना-चांदी कारोबारियों का कहना है कि दुकानों के शटर भले ही खुल गए हों लेकिन अब तक कारोबार में उठान नहीं आया है, इसका मु य कारण यह है कि लॉकडाउन के चलते दो माह से शटर डाउन रहे और कारोबार नहीं हुआ। जिन लोगों पर जमा पूंजी थी उन्होंने खर्च कर दी, इसके अलावा अभी सहालग भी नहीं है। जून माह में कारोबार होने की उ मीद बनी हुई है।