पति ने पत्नी की पत्थर पटककर हत्या की

Jun 04 2020

ग्वालियर। चरित्र संदेह को लेकर पति ने पत्नी पर पत्थर पटक दिया। घटना मुरार थाना क्षेत्र के मोहनपुर में गुरुवार की है। घटना का पता चलते ही पुलिस अफसर मौके पर पहुंचे और आरोपी पति को हिरासत में लेकर घायल महिला को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। जहां पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। 
मुरार थाना क्षेत्र के मोहनपुर निवासी गजराज धानुक प्रायवेट जॉब करता है। उसके साथ ही उसकी पत्नी सुमन रहती है। गुरुवार की सुबह उनके बीच विवाद हुआ और गजराज ने सुमन पर पत्थर पटक दिया। घटना का पता चलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच के बाद घायल महिला को उपचार के लिए भेज कर पति को हिरासत में ले लिया। अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद महिला को मृत घोषित कर दिया। 
पुलिस पूछताछ में आरोपी पति ने बताया कि उसे पत्नी के चरित्र पर संदेह था और कई बार समझाने पर वह उससे विवाद करती थी और धमकी देती थी वह फांसी लगाकर मर जाएगी। वहीं उसे पता चला था कि वह अपने प्रेमी के साथ भागने वाली है, इसलिए  उसने उस पर पत्थर पटक दिया। 
करंट लगने से युवक की मौत
बिजौली थाना क्षेत्र के रशीदपुर निवासी गंगाराम पुत्र मोहन कुशवाह किसान है वह खेतों में खाद डालने के लिए अपने भाइयों के साथ गया था। जैसे ही ड्राइवर ने ट्रॉली का जेक उठाया तो ऊपर से निकल रहा तार टूटकर गंगाराम के पैर पर पड़ा और करंट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे का पता चलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच के बाद मर्ग कायम कर शव को पीएम के लिए भेज दिया।