रेल सेवा शुरू होने के बाद आए युवकों ने सुनाई पीड़ा

Jun 02 2020

ग्वालियर। 70 दिन बाद शुरू हुई रेल सेवा से ग्वालियर पहुुंचे यात्रियों का कहना था कि लॉकडाउन के बाद सब कुछ एक साथ बंद हो गया था। ना जाने के लिए साधन था और ना ही अन्य कोई छूट थी। जो जहां था वहीं फंसकर रह गया और ऐसा लग रहा था कि अब अपने घर वापस लौटकर  नहीं जा पाएंगे। ग्वालियर स्टेशन पर पैर रखते ही उनकी खुशी का ठिकाना नहीं रहा और ऐसा लग रहा था जैसे उन्होंने सब कुछ पा लिया हो। 
ग्वालियर पहुंचे यात्रियों का कहना था कि अचानक हुए लॉकडाउन के कारण वे फंसकर रह गए और आने जाने के साधन के साथ ही प्रशासन ने मार्केट तक बंद करा दिए। शुरूआत में तो खाने के लिए भी परेशान हुए, लेकिन फिर सामाजिक संस्थाओं के द्वारा की गई मदद से भूख प्यास मिटाई और शुरूआत की कड़ाई और कोरोना का खौफ देखकर लगता था कि वह कभी घर लौट पाएंगे या नहीं। लॉकडाउन के कारण उन्हें घर जाने का सपना पूरा होता नहीं दिख रहा था। लॉकडाउन के दौरान पिछले दो माह में उन्होंने बहुत बुरा समय बिताया है। डेढ़ महीने तक तो कमरे में अकेले ही बंद रहना पड़ा।