चार दिन हो सकती है जोरदार बारिश

Jun 01 2020

ग्वालियर। मौसम विभाग जिस तरह के संकेत दे रहा है उससे साफ है कि अब इसका कुछ होने वाला नहीं। इससे पहले सोमवार सुबह से धूप तो निकली है, लेकिन इसमें ज्यादा तेजी नहीं है, इसके पीछे बड़ा कारण है, फिजा में घुली ठंडक, जिसके चलते लपट से भी छुटकारा है।  अब मौसम विभाग ने जो संकेत दिए हैं, वह जबरदस्त परिवर्तन वाले हैं।  जोरदार बरसात के संकेत हैं जो आने वाले चार दिन तक लगातार रुक-रुककर शहर को तरबतर करती रहेगी। वहीं तेज अंाधी की भी संभावना जताई गई है।                    
अब तक शाम के वक्त होने वाली बरसात और नमी बढऩे के पीछे पंजाब से छत्तीसगढ़ तक बनी द्रोणिका थी, लेकिन अब अरब सागर में बन रहा तूफान और पश्चिमी विक्षोभ का तालमेल तेज बरसात और आंधी को अंजाम देने जा रहा है। मौसम विभाग का कहना है कि यह तूफान फिलहाल महाराष्ट्र में हिट कर रहा है और शाम तक पूरे पश्चिमी मप्र पर तो प्रभाव डालेगा साथ ही ग्वालियर को सबसे अधिक प्रभावित करेगा। फिलहाल चार से पांच दिन इसका असर रहने की संभावना है, लेकिन यह आगे भी जारी रह सकता है। ऐसे में पारे में जबरदस्त गिरावट आएगी।
पारा गिरने के कारण धूप ज्यादा असरदार नहीं है, वहीं गर्म हवा से बचाव है, ऐसे में शहर में जनजीवन भी सामान्य दिखाई दे रहा है। लोग सुबह के बाद, दोपहर में भी बाजारों और सड़कों पर दिखाई दे रहे हैं। इससे दुकानदार भी खुश हैं। उनका कहना है कि पहले तेज गर्मी के कारण खरीदार घर से बाहर नहीं निकलते थे, जिससे उन्हें दिन भर आराम करते हुए ही निकालना पड़ता था, लेकिन अब तीन दिन से लगातार ग्राहकी हो रही है। उधर ग्राहकों ने भी राहत महसूस की है। वह भी गर्मी के कारण आवश्यक वस्तुएं नहीं खरीद पा रहे थे, लेकिन अब दोपहर में शॉपिंग करने में उन्हें दिक्कत नहीं आ रही। उधर कूलर पंखे भी अब राहत भरी हवा दे रहे हैं। जिससे वह लोग भी सुकून में हैं जिन्हें द तरों में पसीना पोंछते हुए काम को अंजाम देना पड़ रहा था। फील्ड में काम करने वालों को भी पारा गिरने से सुकून मिला है।