12वीं की परीक्षा देने आए छात्र ने की खुदकुशी

Jun 01 2020

ग्वालियर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से मध्य प्रदेश के ग्वालियर में 12वीं की परीक्षा देने आए अमन नामक छात्र ने फांसी लगा कर आत्महत्या कर ली। सोमवार की सुबह अमन की डेडबॉडी कमरे में लटकती मिली। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने अमन के कमरे से दो लाइन की सुसाइड नोट साथ मोबाइल भी बरामद किया है. अमन के हवाले से लिखे सुसाइड नोट में एक लड़के और लड़की की तरफ से प्रताडि़त किए जाने का भी जिक्र है। फिलहाल पुलिस अमन के आत्महत्या के कारणों की जांच कर रही है।
ग्वालियर थाने के विवेचना अधिकारी ओपी शर्मा ने बताया कि छत्तीसगढ़ के रायपुर से अमन नामक छात्र ग्वालियर में 12वीं का एग्जाम देने आया था। लॉकडाउन की वजह से वह यहां फंस गया था। सोमवार को सुबह अमन ने कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने अमन के कमरे से सुसाइड  लेटर और मोबाइल भी बरामद किया है।
ग्वालियर थाने के विवेचना अधिकारी ने बताया कि फिलहाल पुलिस अमन के आत्महत्या के कारणों की जांच के लिए उसके मोबाइल में मौजूद वीडियो और कॉल डिटेल्स खंगाल रही है. जांच के लिए अमन के शव को पोस्टमार्टम के लिए जयारोग्य अस्पताल भेज दिया गया है।
वहीं अमन के भाई विजय मिश्रा का कहना है कि अमन को पिछले कई दिनों से एक लड़की और लड़के की तरफ से प्रताडि़त किया जा रहा है, जिसका जिक्र संभवत अमन  के मोबाइल में बनी वीडियो में भी है। अगर पुलिस इस मामले में निष्पक्ष जांच करेगी तो अमन के आत्महत्या के कारणों का पता चल जाएगा।