नशे में लौटे युवक ने गले में डाला फंदा

May 27 2020

ग्वालियर। नशा कर घर आए युवक को जब परिजनों ने समझाने का प्रयास किया तो युवक नाराज हो गया और कमरे में जाकर गले में फांसी का फंदा डाल लिया। युवक को फंदा गले में डालते देखकर परिजनों ने शोर मचाया और दरवाजा तोड़कर उसे फंदे से उतारा। घटना झांसी रोड थाना क्षेत्र के ओफो की बगिया में बुधवार की है। घटना का पता चलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और एक घंटे की काउसंलिग के बाद युवक ने भविष्य में इस तरह की घटना ना करने का आश्वासन दिया।
 टीआई झांसी रोड रमेश शाक्य ने बताया कि थाना क्षेत्र के ओफो की बगिया निवासी दीपू (20) नशे का आदी है। बुधवार की सुबह वह घर पहुंचा तो नशे में था। उसे नशे में देखकर घर वालों ने समझाने का प्रयास किया तो वह नाराज हो गया और अपने कमरे में जाकर गेट बंद कर दिया। इस पर परिजनों को शंका हुई और खिड़की से देखा तो वह फांसी लगाने का प्रयास कर रहा था। मामला समझ में आते ही परिजनों ने शोर मचाया और पड़ोसियों की मदद से दरवाजा तोड़कर उसे फंदे से उतारा। मामले का पता चलते ही सब इंस्पेक्टर मोहनी शर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची और युवक की काउंसलिंग की। जिसके बाद युवक ने भविष्य में नशा ना करने और इस तरह का कदम ना उठाने का आश्वासन दिया। युवक द्वारा आश्वासन दिए जाने पर पुलिस ने राहत की सांस ली।