एसी में स्पार्किंग से यूनीपेच रबर फैक्ट्री में लगी भीषण आग

May 27 2020

ग्वालियर। एसी के तारों में शॉर्ट सर्किट हुआ और देखते ही देखते रबर फैक्ट्री में भीषण आग लग गई। आग लगने की सूचना दमकलदस्ते को मिली तो एक के बाद एक आधा दर्जन गाडिय़ां मौके पर पहुंचीं और दमकलकर्मियों ने आग पर काबू पाने के लिए पानी और फोम का उपयोग किया। आग लगने से करोड़ों रुपए का नुकसान होना बताया गया है। घटना गोला का मंदिर थाना क्षेत्र के धर्मवीर पेट्रोलपंप के सामने स्थित यूनीपेच रबर लिमिटेड में रात 2.40 बजे पर हुई। धर्मवीर पेट्रोलपंप के सामने स्थित यूनीपेच रबर लिमिटेड में आग की लपटें उठ रही थीं, जैसे ही यहां मौजूद सुरक्षाकर्मियों ने फैक्ट्री में आग लगते देखी तो इसकी सूचना अपने सुपरवाइजर और फैक्ट्री मैनेजर को दी। यहां मौजूद सुरक्षाकर्मी का कहना है कि आग फैक्ट्री के बाहर लगे एसी में से शुरू हुई और उस पर नियंत्रण पाया जाता उससे पहले ही मशीनों तक पहुंच गई और यहां रखे रबर और ड्रमों में आग लगना शुरू हो गई। आग लगने की सूचना फायर ब्रिगेड को 2.50 बजे पर मिली। आग की सूचना मिलने के बाद तुरंत ही फायर ब्रिगेड की 2 गाडिय़ां मौके पर पहुंची और दमकल अधिकारी उमंग प्रधान, सहायक फायर ऑफिसर देवेंद्र जखेनिया ने आग पर नियंत्रण करने के लिए पानी फेंकना शुरू कर दिया। आग बढ़ते देख मदद के लिए आसपास के फायर स्टेशनों से दमकलकर्मियों और फायर ब्रिगेड को बुला लिया। 5 घंटे की मशक्कत के बाद दमकलकर्मियों ने 8 गाडिय़ों की मदद से 12 गाड़ी पानी और 400 लीटर फोम का उपयोग कर आग पर काबू पा लिया। आग की सूचना मिलने के बाद मुरार, महाराज बाड़ा व बालभवन से फायर ब्रिगेड कर्मचारी भी घटनास्थल पर पहुंच गए थे और आग पर काबू पाने जुट गए।
खिड़कियां तोड़कर किया काबू
आग लगने की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंचे दमकलकर्मियों को आग बुझाने के लिए परेशानी का सामना करना पड़ा। दमकलकर्मियों ने फैक्ट्री के पास बनी सीमेंट की जालीदार खिड़कियों को हथौड़े के सहारे तोड़ा और एसी को हटाया इसके बाद पानी फेंककर आग पर नियंत्रण किया।                  
तीसरी बार लगी है आग
यूनीपेच कंपनी में आग लगने की यह पहली घटना नहीं है, इससे पहले भी दो बार यहां आग लगने की घटना हो चुकी है। फायर ब्रिगेड के अनुसार एक बार दोपहर के समय पर आग लगी थी, उस समय दो दर्जन गाड़ी पानी फायर कर काबू पाया गया था इससे पहले भी आग लगने की घटना हो चुकी है।
सुरक्षाकर्मियों ने दिखाया साहस
आग लगते ही फैक्ट्री में मौजूद सुरक्षाकर्मी ने अपने सिक्योरिटी इंचार्ज को सूचना देने के साथ-साथ आग पर नियंत्रण करने के लिए यहां लगे फायर सिस्टम का उपयोग करना शुरू कर दिया, फैक्ट्री में मौजूद अन्य कर्मचारियों ने भी पानी फेंका और फायर सिलेंडरों का उपयोग किया। फैक्ट्री के मैनेजर वेदप्रकाश दुबे का कहना है कि आग लगने से एक करोड़ से ज्यादा का नुकसान हुआ है।
अच्छा हुआ दिन में नहीं हुआ हादसा
फैक्ट्री में मौजूद कर्मचारियों का कहना था कि आग लगने की घटना अगर दिन में होती तो जान माल का नुकसान हो सकता था। लॉकडाउन के चलते पिछले 2 माह से फैक्ट्री में काम बंद पड़ा था, प्रशासन से अनुमति के बाद फैक्ट्री चालू की गई है और माल की पूर्ति के लिए सुबह से शाम तक कर्मचारी काम कर रहे हैं। दिन में अगर हादसा होता तो बाहर निकलना मुश्किल हो जाता।
करोड़ों का हुआ नुकसान
यूनीपेच रबर लिमिटेड फैक्ट्री में वाहनों के पंचर जोडऩे वाली टिकली बनाने का काम होता है और इस फैक्ट्री में गुरुवार को आग लगने से करोड़ों रुपए का नुकसान हो गया। दमकल विभाग के उपायुक्त अतिबल सिंह यादव व नोडल अधिकारी केशव सिंह चौहान ने बताया कि अगर समय रहते आग पर काबू नहीं पाते तो नुकसान ज्यादा हो जाता, क्योंकि रबर में आग लगने से यह फैलती गई और फैक्ट्री में पंचर जोडऩे वाले ट्यूब का मटेरियल भी रखा हुआ था अगर यहां आग आ जाती तो संभालना मुश्किल होता।