महिला पर पत्थर से हमला, गंभीर हालत में कराया भर्ती

May 25 2020

ग्वालियर। अज्ञात बदमाशों ने एक महिला पर पत्थर से हमला कर जान से मारने की कोशिश की और उसकी स्कूटी लेकर फरार हो गए। घटना कंपू थाना क्षेत्र के अस्पताल परिसर की है। घटना का पता चलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच के बाद महिला को उपचार के लिए भर्ती करा दिया है। वहीं पुलिस ने घायल महिला के पति की शिकायत पर हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर लिया है।
गिरवाई थाना क्षेत्र के सिकंदर कंपू मुर्गी फार्म के पास रहने वाली ममता सिंह पत्नी विश्वनाथ सिंह चौहान घर से सराफा बाजार जाने की कहकर निकली थीं। कुछ देर बाद जब बच्चों ने कॉल किया तो ममता ने बताया कि वह सराफा बाजार से निकल रही है। इसके बाद रात करीब साढ़े दस बजे उसके घर पर कॉल आया। कॉल करने वाले ने बताया कि ममता जेएएच परिसर में घायल हालत में पड़ी हुई है। घटना का पता चलते ही परिजन अस्पताल पहुंचे और पुलिस को सूचना देकर उसे अस्पताल में भर्ती कराया। महिला की हालत गंभीर देखकर डॉक्टरों ने उसे आईसीयू में भर्ती कर लिया है। वहीं पुलिस ने विश्वनाथ सिंह चौहान की शिकायत पर हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर लिया है। 
पुलिस और परिजनों ने जब घायल महिला की स्कूटी की तलाश की तो वह गायब मिली है। पुलिस अब पता लगा रही है कि स्कूटी को बदमाश ले गए या फिर किसी ने उसे इधर-उधर रख दिया है।