यूपी से ग्वालियर पहुंचे 38 मजदूर

May 23 2020

ग्वालियर। लॉकडाउन के कारण देश के कई शहरों में फंसे अंचल के हजारों श्रमिकों की वापसी रोजाना ग्वालियर पहुंचने वाली श्रमिक स्पेशल ट्रेनों से हो रही है। अभी तक देश के अलग-अलग प्रदेशों से दस हजार से अधिक श्रमिक रेलवे द्वारा दौड़ाई जा रही इन श्रमिक स्पेशल ट्रेनों से अंचल में पहुंच कर अपने कस्बों व गांव में सकुशल पहुंच चुके हैं। इसी क्रम में शनिवार की सुबह पांच बजे यूपी के दादरी से छतरपुर जा रही श्रमिक स्पेशल से 38 मजदूर ग्वालियर पहुंचे। 
ग्वालियर पहुंचे इन मजदूरों की जांच पड़ताल कर बसों में सवार कर झांसी रोड स्थित मालवा कॉलेज पहुंचाया। दादरी से ग्वालियर पहुंची श्रमिक स्पेशल बीस मिनट रुकने के बाद शेष श्रमिकों को लेकर छतरपुर के लिए रवाना हो गई।
लॉकडाउन के कारण देश के कई बड़े शहरों में स्थित फै क्ट्रियों व अन्य कामकाज करने के लिए मजदूरी व अन्य काम करने के लिए गए अंचल के मजदूर देश में दो महीने से जारी लॉकडाउन के चलते काम बंद होने के कारण फांके के दौर से गुजर रहे थे। काम नहीं मिलने के कारण इन श्रमिकों का लगातार श्रमिक स्पेशल ट्रेनों से ग्वालियर लौटना अनवरत जारी है। शनिवार की सुबह यूपी दादरी से छतरपुर जा रही श्रमिक स्पेशल ट्रेन जिसमें ग्वालियर के मजदूर भी सवार थे, ऐसे 38 श्रमिकों को लेकर शनिवार को यह स्पेशल ट्रेन दादरी यूपी से सुबह पांच बजे ग्वालियर पहुंची।
बीस मिनट रुकने के बाद यह स्पेशल ट्रेन एक हजार से अधिक यात्रियों को लेकर छतरपुर के लिए रवाना हो गई। ट्रेन से ग्वालियर उतरे इन मजदूरों को जांच कराने के बाद सर्कुलेटिंग एरिया में खड़ी बसों से झांसी रोड स्थित मालवा कॉलेज के लिए रवाना किया गया। श्रमिक स्पेशल ट्रेन के पहुंचने के समय जीआरपी डीएसपी राजेश सिंह राठौर, टीआई अजीत सिंह, आरपीएफ निरीक्षक एएस पाण्डे दो दर्जन सुरक्षा जवानों सहित स्थानीय रेल अधिकारियों के साथ ही प्रशासनिक अधिकारी भी विशेष रूप से उपस्थित थे।