बाजारों में बढ़ी भीड़, कोरोना का भय खत्म

May 20 2020

ग्वालियर। नजरबाग मार्केट में बुधवार को  सुबह कपड़ा कारोबारी कारोबार करने जैसे ही दुकानों पर पहुंचे और दुकानों के शटर उठाना शुरू किए तो पुलिस ने इन्हें डाउन करा दिया और कहा कि घर जाओ, आदेश आने के बाद आना, फिर दुकान खोलना। 
लॉकडाउन के चौथे चरण में कारोबारियों को राहत दी जाएगी और दुकानों के शटर खुलेंगे। दायीं और बायीं ओर की एक-एक दिन दुकानें खोलने की बात कलेक्टर कौशलेंद्र विक्रम सिंह ने कही थी और इसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर आ गया जिससे उन दुकानदारों के चेहरे पर खुशी लौट आई थी जो पहले दिन से ही शटर डाउन किए हुए हैं, लेकिन रात में मरीज मिलने के बाद और बैठक नहीं होने के कारण इस आदेश को निरस्त कर दिया गया। लश्कर क्षेत्र में दुकानों के शटर पुलिस ने भले ही डाउन करा दिए हों लेकिन मुरार में आज कपड़ा कारोबारियों से लेकर जूता कारोबारियों के शटर उठे रहे और वह व्यापार कर रहे थे। इलेक्ट्रोनिक की दुकानें भी खुली रहीं।
यही हाल हजीरा, ठाटीपुर और उपनगर ग्वालियर के बाजारों में देखने को मिला। कोरोना के मरीज हर रोज मिलते जा रहे हैं लेकिन इस बीच व्यापारियों को राहत देने के लिए प्रदेश सरकार और जिला प्रशासन ने पहल करनी शुरू कर दी है। लॉकडाउन के चौथे चरण में कारोबारी नियमों का पालन करते हुए कारोबार कर सकें इसके लिए   बुधवार से बाजार खुलने थे और लश्कर में स्थित सोना-चांदी व कपड़ा व्यापारी अपनी दुकानों के शटर उठाने पहुंचे, जैसे ही दुकानदारों ने शटर उठाने शुरू किए तो पुलिस ने तुरंत ही यह कहते हुए बंद करा दिए कि अब तक पुराना आदेश चल रहा है, नया आदेश आने के बाद ही शटर खोलें, जिससे दुकानदारों को मायूस होकर डाउन करना पड़ा। इस बीच व्यापारियों ने पुलिस अफसरों से कहा कि जब मुरार और हजीरे पर दुकानें खुल गई हैं तो उन्हें अनुमति क्यों नहीं दी जा रही है।                     
सड़कों पर दौड़ रहे हैं वाहन, लग रही है भीड़
लॉकडाउन के दूसरे और तीसरे चरण में भले ही दुकानों के शटर डाउन हों और लोग घर के अंदर रहे हों लेकिन चौथे चरण में हर बाजार में भीड़ नजर आ रही है। दुपहिया और चारपहिया वाहन दौड़ रहे हैं तो यात्री वाहन भी सवारियों को एक स्थान से दूसरे स्थान पर पहुंचा रहे हैं और इन्हें रोकने के लिए तैनात पुलिस जवान नदारद हैं। बाजारों में जिन लोगों को जरूरत का सामान खरीदना है उनकी भीड़ तो है ही साथ ही कई व्यापारी भी अपनी दुकानों के बाहर बैठकर बतियाते हुए आदेश आने का इंतजार कर रहे हैं जिससे शटर उठा सकें। बुधवार को मुरार के सदर बाजार में सबसे ज्यादा भीड़ रही तो गर्म सड़क, चिकसंतर और कोतवाली संतर में भी भीड़भाड़ दिखाई दी। गिर्राजजी मंदिर के आसपास सब्जी और कपड़ों के ठेलों पर खरीदारों की भीड़ लगी रही तो वहीं क पू हॉकर्स जोन के पास लाइन से कपड़ों के ठेले खड़े थे और खरीदारी हो रही थी। शहर के नईसड़क, माधौगंज, रॉक्सीपुल, महाराज बाड़ा, मोर बाजार, फालका बाजार, शिंदे की छावनी, लोहिया बाजार सहित सभी बाजारों में भीड़भाड़ नजर आ रही है।
दुकानों की होने लगी सफाई, बनने लगा नमकीन
लॉकडाउन के दौरान लोगों को जरूरत का सामान जैसे दूध, सब्जी, अंडे, फल किराना हर रोज मिल रहा है, लेकिन इलेक्ट्रोनिक उपकरण, हलवाईयों की दुकानों के शटर अब तक नहीं उठे हैं। कपड़ा, जूता और सोना-चांदी कारोबारियों को चार-चार घंटे का समय दिया गया लेकिन प्रशासन ने अब तक मोबाइल कारोबारियों, बिजली का छोटा-छोटा सामान बेचने वालों को शटर उठाने की अनुमति तक नहीं दी है। यह दुकानदार सुबह से ही अपनी दुकानों की सफाई करने में जुट गए हैं जिससे आज अगर बाजार खुलता है तो वह कारोबार कर सकें। हलवाईयों की दुकानों पर सफाई हो रही है तो नमकीन कारोबारियों ने सफाई करने के साथ-साथ नमकीन भी बनाना शुरु कर दिया।         खरीदार पहुंच रहे बाजारों में बुधवार से बाजार खुलेंगे यह खबर लोगों को मिली तो वह भी खरीदारी करने पहुंचे लेकिन दुकानों के शटर डाउन देख मायूस हो गए। ईद का त्योहार नजदीक है और ईद की खरीदारी शुरू हो गई है जिसके लिए सुबह कपड़े सहित अन्य सामान खरीदने के लिए ग्राहक पहुंचे तो कई लोग जूते-चप्पल मोबाइल व कपड़ों की खरीदारी करने पहुंचे लेकिन इन्हें शटर डाउन होने के कारण वापस लौटना पड़ा।